सागर : मजदूर ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, पारिवारिक तनाव बताया जा रहा कारण
सागर। खिमलासा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बसाहरी गांव में सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। गांव में रहने वाले एक मजदूर ने अपने ही घर में फांसी लगाकर जान दे दी। मृतक की पहचान 45 वर्षीय जगन, पिता भागीरथ आदिवासी के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जगन आदिवासी गांव में रहकर मजदूरी करता था। सोमवार रात वह रोज की तरह काम से वापस घर लौटा था। देर रात उसने घर के अंदर तोलिये से फंदा बनाकर फांसी लगा ली। घटना का पता चलने पर उसके बेटे मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही खिमलासा थाना पुलिस गांव पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए खुरई सिविल अस्पताल भेजा। मंगलवार दोपहर अस्पताल में पोस्टमार्टम किया गया।
पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मृतक के बेटे अमित आदिवासी ने पुलिस को बताया कि उनके पिता के दो बेटे और एक बेटी हैं। दोनों बेटे बीना में मजदूरी करते हैं, जबकि बेटी की शादी हो चुकी है। जगन आदिवासी गांव में अकेले रहते थे।
अमित के अनुसार करीब एक वर्ष पहले उनकी मां घर छोड़कर किसी के साथ चली गई थी। इसके बाद से उनके पिता मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगे थे और अक्सर मां को याद किया करते थे। पारिवारिक परिस्थितियों और मानसिक तनाव के चलते उन्होंने यह कदम उठाया, ऐसा परिजनों का कहना है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।








