शाहगढ़ CHC में सनसनी : स्टाफ नर्स दीपशिखा की गोली मारकर हत्या, मौसेरे भाई पर आरोप
सागर। जिले के शाहगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में बुधवार को सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां एक स्टाफ नर्स की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतिका की पहचान दीपशिखा चढ़ार के रूप में हुई है। घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने सागर–छतरपुर मार्ग पर चक्काजाम कर न्याय की मांग की, जिससे यातायात बाधित रहा।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हत्या का आरोप मृतिका के मौसेरे भाई सुशील आठ्या पर है, जो जबलपुर के पनागर का निवासी बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतिका और आरोपी पूर्व में साथ-साथ नौकरी की तैयारी कर रहे थे। बाद में दीपशिखा की नौकरी लग जाने के बाद वह आरोपी से दूरी बनाने लगी थी। इसी बात से नाराज होकर आरोपी उस पर शादी का दबाव बना रहा था।
बताया जा रहा है कि बुधवार को आरोपी जबलपुर से सागर पहुंचा और शाहगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में दीपशिखा पर तीन राउंड फायर किए। गोली लगने से दीपशिखा की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं, हत्या की खबर फैलते ही परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और सागर–छतरपुर मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। परिजनों ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।








