होम देश / विदेश मध्यप्रदेश राजनीति धर्म/अध्यात्म ऑटोमोबाइल सरकारी योजना खेल समाचार
By
On:

LPG संकट के बीच बड़ी राहत: टेक्सास से गैस लेकर जहाज बैंगलुरु पहुंचा, एक हफ्ते में 5 टैंकरों से बढ़ी सप्लाई

LPG संकट के बीच बड़ी ...

[post_dates]

Sub Editor

Published on:

whatsapp

LPG संकट के बीच बड़ी राहत: टेक्सास से गैस लेकर जहाज बैंगलुरु पहुंचा, एक हफ्ते में 5 टैंकरों से बढ़ी सप्लाई

ऊर्जा आपूर्ति को लेकर चल रही चिंता के बीच रविवार को अमेरिका के टेक्सास से लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (LPG) लेकर एक कार्गो शिप मेंगलुरु पोर्ट पहुंचा। इसी दौरान रूस से कच्चा तेल लेकर एक अन्य जहाज भी भारत आया है। बीते सात दिनों में समुद्री मार्ग से गैस और कच्चा तेल लेकर करीब पांच जहाज देश पहुंच चुके हैं, जिससे सप्लाई को लेकर कुछ राहत मिली है।
इससे पहले 18 मार्च को ‘जग लाडकी’ नाम का क्रूड ऑयल टैंकर गुजरात के मुंद्रा स्थित अडाणी पोर्ट्स पर पहुंचा था। इसके अलावा 16 और 17 मार्च को ‘MT शिवालिक’ और ‘MT नंदा देवी’ नाम के दो LPG कैरियर जहाज भी भारत आए थे, जो कुल मिलाकर करीब 92,712 मीट्रिक टन गैस लेकर पहुंचे। हालांकि ये तीनों जहाज होर्मुज स्ट्रेट के रास्ते से ही भारत आए थे।
जानकारी के अनुसार, फारस की खाड़ी क्षेत्र में इस समय लगभग 22 भारतीय जहाज मौजूद हैं, लेकिन सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं। यह क्षेत्र इसलिए अहम है क्योंकि यहां स्थित होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के प्रमुख समुद्री मार्गों में गिना जाता है और वैश्विक तेल आपूर्ति का करीब 20 प्रतिशत इसी रास्ते से होता है।
पिछले दिनों पहुंचे जहाजों का विवरण
18 मार्च:
भारतीय ध्वज वाला ‘जग लाडकी’ टैंकर करीब 80,886 मीट्रिक टन कच्चा तेल लेकर मुंद्रा पोर्ट पहुंचा। यह तेल UAE से लोड किया गया था, जहां इसे फुजैराह पोर्ट से भेजा गया था।
17 मार्च:
‘नंदा देवी’ नामक जहाज करीब 46 हजार मीट्रिक टन LPG लेकर गुजरात के वडीनार (जामनगर) बंदरगाह पर पहुंचा।
16 मार्च:
‘शिवालिक’ जहाज कतर से लगभग 46 हजार मीट्रिक टन LPG लेकर मुंद्रा पोर्ट आया। बताया गया कि इस गैस की मात्रा करीब 32.4 लाख घरेलू सिलेंडरों के बराबर है। यह जहाज 14 मार्च को होर्मुज स्ट्रेट पार कर भारत के लिए रवाना हुआ था और मध्य-पूर्व में चल रहे संघर्ष के बीच पहुंचने वाला पहला LPG टैंकर बना।
LPG सप्लाई बढ़ाने का फैसला
देश में गैस की कमी जैसी स्थिति को देखते हुए केंद्र सरकार ने राज्यों को LPG आपूर्ति बढ़ाने का निर्णय लिया है। 23 मार्च से राज्यों को पहले की तुलना में 20 प्रतिशत अधिक गैस उपलब्ध कराई जाएगी। इससे कुल आपूर्ति धीरे-धीरे संकट से पहले के स्तर के करीब 50 प्रतिशत तक पहुंच जाएगी।
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के सचिव डॉ. नीरज मित्तल ने इस संबंध में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों को पत्र भेजा है। इसमें सामुदायिक रसोई, होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और औद्योगिक कैंटीन को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं।
साथ ही प्रवासी मजदूरों के लिए 5 किलो वाले फ्री ट्रेड LPG (FTL) सिलेंडर प्राथमिकता से उपलब्ध कराने को कहा गया है। गैस की कालाबाजारी और गलत इस्तेमाल रोकने के लिए भी सख्त कदम उठाने के निर्देश जारी किए गए हैं।
होर्मुज स्ट्रेट पर संकट क्यों बना
28 फरवरी 2026 को अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर किए गए हमले के बाद मध्य-पूर्व में हालात तनावपूर्ण हो गए। इस सैन्य कार्रवाई में कई अहम ठिकानों को निशाना बनाया गया। इसके चलते होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों की आवाजाही प्रभावित हुई है।
यह जलमार्ग करीब 167 किलोमीटर लंबा है और फारस की खाड़ी को अरब सागर से जोड़ता है। भारत अपनी 80-85 प्रतिशत LPG जरूरत इसी रास्ते से पूरी करता है, जबकि देश की 60 प्रतिशत से ज्यादा गैस विदेशों से आती है। इसी कारण सप्लाई प्रभावित होने पर देश में कमी जैसे हालात बन गए।
हालांकि, सरकार लगातार यह स्पष्ट कर रही है कि देश में LPG और कच्चे तेल की कोई वास्तविक कमी नहीं है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।
दुनिया के कुल पेट्रोलियम का लगभग 20 प्रतिशत इसी मार्ग से गुजरता है, इसलिए सऊदी अरब, इराक और कुवैत जैसे देश भी अपने निर्यात के लिए इसी पर निर्भर हैं। मौजूदा हालात में सुरक्षा कारणों से इस रूट पर जहाजों की आवाजाही सीमित हो गई है।

 

Join our WhatsApp Group
Sub Editor

मैं सूरज सेन पिछले 6 साल से पत्रकारिता से जुड़ा हुआ हूं और मैने अलग अलग न्यूज चैनल,ओर न्यूज पोर्टल में काम किया है। खबरों को सही और सरल शब्दों में आपसे साझा करना मेरी विशेषता है।
error: RNVLive Content is protected !!