संजय ड्राइव के छोटे मंदिरों से शिवलिंग और नंदी गायब होने का मामला, मोतीनगर थाना प्रभारी ने दोबारा कराई स्थापना
सागर। संजय ड्राइव स्थित छोटे तालाब के पास बने मंदिरों से शिवलिंग और नंदी महाराज के गायब होने की सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। मामले की जानकारी मिलने पर मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि छोटे मंदिरों में एक-दो शिवलिंग और नंदी महाराज मौजूद नहीं हैं। मौके पर जाकर तस्दीक की गई तो शिवलिंग और नंदी वहां नहीं मिले। हालांकि, उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट रूप से नहीं कहा जा सकता कि वहां चोरी हुई है।
थाना प्रभारी के मुताबिक, संबंधित स्थान खुला है और आसपास जानवरों का भी विचरण होता है। पास में तालाब होने के कारण यह संभावना भी है कि पूजा के दौरान रखे गए शिवलिंग या नंदी किसी तरह पानी में गिर गए हों।
धार्मिक भावनाओं से जुड़े मामले को देखते हुए थाना प्रभारी ने मौके पर पुजारी की मौजूदगी में शिवलिंग और नंदी महाराज की दोबारा स्थापना कराई।
वहीं, कांग्रेस पार्षदों ने बताया कि दो दिन पहले शिवलिंग और नंदी के गायब होने की जानकारी सामने आने के बाद पार्षद शिवशंकर उर्फ गुड्डू ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी साझा की थी। इसके बाद थाना प्रभारी ने तत्काल उनसे संपर्क कर मामले को संज्ञान में लिया और मौके पर व्यवस्था कराई।
पार्षदों का कहना है कि बाद में जब वे मौके पर पहुंचे तो शिवलिंग और नंदी उसी स्थान पर स्थापित मिले। हालांकि, उनके गायब होने से पहले की तस्वीर उपलब्ध नहीं होने के कारण यह स्पष्ट नहीं हो सका कि वे वास्तव में किस तरह वहां से हटे थे।
मामले में पुलिस की ओर से चोरी की पुष्टि नहीं की गई है। वहीं, कांग्रेस पार्षद दल ने मौके पर कार्रवाई और धार्मिक स्थल पर दोबारा स्थापना कराने को लेकर मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत का धन्यवाद किया।








