सागर में पुलिस का बड़ा एक्शन: रातभर चला कॉम्बिंग अभियान, 249 वारंटियों पर कसा शिकंजा
600 से अधिक पुलिसकर्मियों ने संभाला मोर्चा, 58 स्थाई और 191 गिरफ्तारी वारंटों की तामीली; 195 गुंडा-बदमाशों की जांच और 125 ढाबों पर की गई सघन चेकिंग
सागर, 01 नवंबर 2026। जिले में अपराधों पर नियंत्रण और लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों की धरपकड़ के लिए सागर पुलिस ने 31 अक्टूबर 2026 की रात व्यापक स्तर पर कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 249 वारंटों की तामीली एवं निराकरण की कार्रवाई की। इसके अलावा गुंडा-बदमाशों की गतिविधियों की जांच करने के साथ ढाबों और संदिग्ध स्थानों पर भी दबिश दी गई।
पुलिस अधीक्षक सागर संजीव सिंहा के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान की जिम्मेदारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी के मार्गदर्शन में निभाई गई। जिले के सभी अनुविभागीय पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश देकर अभियान को योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस अधिकारियों ने पूरी रात अभियान की निगरानी की। अलग-अलग टीमों ने एक साथ विभिन्न इलाकों में दबिश देकर फरार वारंटियों, आरोपियों, गुंडा-बदमाशों और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों की तलाश की।
249 वारंटों पर कार्रवाई, 58 स्थाई वारंटी भी शामिल
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने वारंटियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इसमें 58 स्थाई वारंट और 191 गिरफ्तारी वारंटों की तामीली एवं निराकरण की कार्रवाई की गई। इस तरह कुल 249 वारंटों पर पुलिस ने कार्रवाई की।
इसके अलावा धारा 170 बीएनएसएस के तहत चार प्रकरणों में कार्रवाई की गई। अन्य मामलों में एक फरार आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो अलग-अलग मामलों में निरोधात्मक कार्रवाई भी की गई।
195 गुंडा-बदमाशों और हिस्ट्रीशीटरों की जांच
अभियान के तहत पुलिस ने जिले के 195 गुंडा-बदमाशों और हिस्ट्रीशीटरों की भौतिक रूप से जांच की। इस दौरान उनकी मौजूदा गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई गई और आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देशों के तहत निगरानी की गई।
सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस टीमों ने जिले के 125 ढाबों और अन्य संदिग्ध स्थानों पर भी पहुंचकर जांच-पड़ताल की।
600 से ज्यादा पुलिसकर्मी अभियान में रहे शामिल
जिलेभर में एक साथ चलाए गए इस अभियान में 600 से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों की भागीदारी रही। सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने रातभर गश्त करने के साथ अलग-अलग स्थानों पर दबिश और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग की।
बीना, खुरई, मोतीनगर और कैंट में भी कार्रवाई
थानावार कार्रवाई में बीना पुलिस ने 22 वारंटों की तामीली एवं निराकरण किया। वहीं खुरई थाना क्षेत्र में 16, मोतीनगर में 19 और कैंट थाना क्षेत्र में 22 वारंटों पर कार्रवाई की गई।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
पुलिस अधीक्षक संजीव सिंहा ने कहा कि जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखना, फरार आरोपियों और वारंटियों को पकड़ना तथा आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह के कॉम्बिंग गश्त अभियान आगे भी जारी रहेंगे। कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सागर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि जिले में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। किसी भी अपराध या अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।








