सागर के शाहगढ़ में कार के कट मारने से बाइक सवार जीजा-साले घायल, जिला अस्पताल रेफर
सागर/शाहगढ़। सागर-कानपुर फोरलेन हाईवे पर हीरापुर गांव के पास साठिया घाटी में बुधवार शाम कार की टक्कर से बचने के प्रयास में बाइक सवार जीजा-साले सड़क किनारे नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गये। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार शासन गांव निवासी विजय आदिवासी अपने जीजा राजाराम आदिवासी निवासी निहानी के साथ मलहरा खाद लेने गये थे। खाद बस में रखकर दोनों बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान साठिया घाटी के पास मलहरा की ओर से आ रही एक कार ने उनकी बाइक को कट मार दिया। अचानक सामने आई कार से बचने के लिये विजय ने बाइक को सड़क से नीचे उतार दिया, जिससे दोनों बाइक सवार अनियंत्रित होकर नीचे गिर पड़े। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस दोनों घायलों को अपने वाहन से शाहगढ़ अस्पताल लेकर पहुंची। जांच में उनके सिर और पैरों में गंभीर चोटें पाई गई। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस के अनुसार हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पीड़ित पक्ष की शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जायेगी।








