होम देश / विदेश मध्यप्रदेश राजनीति धर्म/अध्यात्म ऑटोमोबाइल सरकारी योजना खेल समाचार
By
—
On:

सागर :  मां-बेटी को पेट्रोल डालकर जलाने की वारदात का खुलासा, रिश्ते की देवरानी गिरफ्तार; एक की मौत

सागर :  मां-बेटी को पेट्रोल ...

[post_dates]

Sub Editor

Published on:

whatsapp

सागर :  मां-बेटी को पेट्रोल डालकर जलाने की वारदात का खुलासा, रिश्ते की देवरानी गिरफ्तार; एक की मौत

पारिवारिक रंजिश में घर में घुसकर दिया वारदात को अंजाम, सीसीटीवी फुटेज और मरणासन्न बयानों से खुला राज; आरोपी की निशानदेही पर पेट्रोल की डोलची, कपड़े, जूते और माचिस बरामद

सागर। बीना थाना क्षेत्र के ग्राम गोदना में मां और उसकी नाबालिग बेटी को पेट्रोल डालकर आग के हवाले करने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पुरानी पारिवारिक रंजिश के चलते आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर पेट्रोल रखने में इस्तेमाल की गई स्टील की डोलची, उसका ढक्कन, घटना के समय पहने गए कपड़े, जूते और माचिस समेत कई अहम साक्ष्य बरामद किए हैं।

इस घटना में गंभीर रूप से झुलसी 35 वर्षीय गिरजा की उपचार के दौरान बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी), सागर में मौत हो गई, जबकि दूसरी पीड़िता का भोपाल के हमीदिया अस्पताल में इलाज जारी है। एक महिला की मृत्यु होने के बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा 103(1) बीएनएस जोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

घर में घुसकर मां-बेटी पर डाला पेट्रोल, फिर लगा दी आग

पुलिस के मुताबिक, घटना 2 नवंबर 2026 की शाम करीब 7:30 बजे ग्राम गोदना में हुई थी। उस समय महिला और उसकी नाबालिग बेटी घर के अंदर मौजूद थीं। इसी दौरान उनकी रिश्ते की देवरानी काजल गोस्वामी (28), निवासी ग्राम गोदना, थाना बीना, पेट्रोल से भरी बाल्टी लेकर घर पहुंची।

बताया गया है कि पुरानी पारिवारिक अनबन और आपसी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। इसी दौरान आरोपी महिला ने मां-बेटी पर पेट्रोल उड़ेल दिया और माचिस जलाकर आग लगा दी। वारदात के बाद वह मौके से भाग निकली।

आग की लपटों में घिरी मां-बेटी की चीख-पुकार सुनकर परिजन वहां पहुंचे। उन्होंने किसी तरह आग बुझाई और दोनों को अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया।

हमीदिया अस्पताल में दर्ज रिपोर्ट से मिली अहम जानकारी

घायल नाबालिग बेटी ने भोपाल के हमीदिया अस्पताल में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। उसके बयान के आधार पर पुलिस को आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। शिकायत के बाद बीना थाने में अपराध क्रमांक 615/26 के तहत बीएनएस की धारा 109(1) में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सागर संजीव सिंहा ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया और एसडीओपी बीना अजय सनकत को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने घटनास्थल को सुरक्षित रखने, घायलों का बेहतर उपचार कराने, कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के माध्यम से मरणासन्न बयान दर्ज कराने, आरोपी की गिरफ्तारी और जरूरी साक्ष्य जुटाने पर विशेष ध्यान देने को कहा।

मरणासन्न बयान और CCTV फुटेज से पुलिस को मिला सुराग

जांच के दौरान बीना पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए। दोनों पीड़िताओं के कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष मरणासन्न बयान दर्ज कराए गए। पुलिस के अनुसार, इन बयानों में आरोपी काजल गोस्वामी द्वारा पेट्रोल डालकर आग लगाने की बात सामने आई।

इसके अलावा, घर में आने-जाने वाले रास्ते पर पैरों के निशान भी मिले। पुलिस ने गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली तो घटना के समय आरोपी महिला पीड़िताओं के घर की ओर जाती हुई दिखाई दी।

इन साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने काजल गोस्वामी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन साक्ष्यों के सामने आने पर पूछताछ के दौरान उसने वारदात करना स्वीकार कर लिया।

पति और पीड़िता के कथित संबंधों को लेकर थी रंजिश

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके पति आकाश और पीड़िता गिरजा के बीच कथित मैत्री संबंधों को लेकर उसके मन में लंबे समय से नाराजगी थी। इसी बात को लेकर वह रंजिश रखती थी।

आरोपी ने बताया कि उसने वारदात से एक दिन पहले अपनी स्कूटी से पेट्रोल निकालकर अलग रख लिया था। घटना वाले दिन वह सीसीटीवी कैमरों की नजर से बचने के लिए स्टील की डोलची में पेट्रोल लेकर पीड़िता के घर के पीछे वाले रास्ते से पहुंची।

घर के कमरे में मां-बेटी को देखकर उसने दोनों पर पेट्रोल डालकर माचिस से आग लगा दी। इसके बाद पेट्रोल रखने वाली डोलची को वहीं छोड़ दिया और दीवार फांदकर अपने घर के पिछले दरवाजे से निकल गई।

पूछताछ में उसने यह भी बताया कि वारदात के समय पहने हुए कपड़े उतारकर एक पन्नी में रख दिए थे। बाद में स्कूटी से किर्रवदा बायपास के पास जाकर उन्हें फेंक दिया था।

आरोपी की निशानदेही पर ये सामान हुआ बरामद

पुलिस ने आरोपी की बताई जगहों और निशानदेही के आधार पर घटना से जुड़े कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए हैं। इनमें शामिल हैं—

* पेट्रोल रखने में इस्तेमाल की गई स्टील की डोलची।

* डोलची का ढक्कन।

* वारदात के समय आरोपी द्वारा पहने गए कपड़े।

* आरोपी के जूते।

* माचिस।

* घटनास्थल से मिले पीड़िताओं के अधजले कपड़े।

* अधजला मोबाइल फोन।

पुलिस इन सभी सामग्रियों को मामले की विवेचना में महत्वपूर्ण साक्ष्य मानकर आगे की जांच कर रही है।

एक पीड़िता की मौत, हत्या की धारा जोड़ने की तैयारी

पुलिस ने आरोपी काजल गोस्वामी, पति आकाश दांगी, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम गोदना, थाना बीना, जिला सागर को गिरफ्तार कर लिया है। मेडिकल परीक्षण के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

इस बीच, गंभीर रूप से झुलसी गिरजा (35 वर्ष) ने उपचार के दौरान बीएमसी सागर में दम तोड़ दिया। दूसरी पीड़िता का इलाज हमीदिया अस्पताल भोपाल में जारी है।

गिरजा की मौत के बाद पुलिस ने दर्ज प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) यानी हत्या की धारा बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

इन पुलिसकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका

मामले का खुलासा करने, आरोपी को गिरफ्तार करने और अहम साक्ष्य जुटाने में बीना थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप यादव, उप निरीक्षक लखन राज, उप निरीक्षक कस्तूरी अहिरवार, उप निरीक्षक निशांत भगत, सहायक उप निरीक्षक प्रीति थापा, प्रधान आरक्षक विजय गौतम, गजेन्द्र मिश्रा, पवन परमार, महिला आरक्षक रेवती पटेल, ममता अहिरवार, योग्यता दांगी, मुस्कान ठाकुर, रीटा, आरक्षक प्रेमजीत, सूरज शर्मा, अमित, युधिष्ठिर, राहुल सोलंकी, दीप सिंह, भूपेन्द्र परिहार और हीरामण की अहम भूमिका रही।

Join our WhatsApp Group
Sub Editor

मैं सूरज सेन पिछले 6 साल से पत्रकारिता से जुड़ा हुआ हूं और मैने अलग अलग न्यूज चैनल,ओर न्यूज पोर्टल में काम किया है। खबरों को सही और सरल शब्दों में आपसे साझा करना मेरी विशेषता है।
प्रमुख खबरें
View All