डिंडौरी के पड़रिया छांटा गांव की घटना, हंसी-मजाक के दौरान राजेंद्र बरौतिया को दिया गया था विस्फोटक; पुलिस ने आरोपी रामभगत बरौतिया को किया गिरफ्तार
डिंडौरी। मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले के पड़रिया छांटा गांव में एक मामूली हंसी-मजाक के दौरान ऐसा हादसा हो गया, जिसने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया। यहां राजेंद्र बरौतिया को एक व्यक्ति ने छोटा सूअरमार बम रसगुल्ला बताकर दे दिया। अंधेरे में राजेंद्र उसे मिठाई समझ बैठे और मुंह में डालकर चबाने लगे। इसी दौरान बम फट गया। विस्फोट से उनका चेहरा गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मामले में पुलिस ने रामभगत बरौतिया को गिरफ्तार कर लिया है।
आग के पास बैठकर हो रही थी बातचीत, तभी दिया बम
मृतक की पत्नी सुशीला बाई बरौतिया ने पुलिस को बताया कि मंगलवार शाम खाना खाने के बाद परिवार के सदस्य घर के आंगन में बैठकर आग ताप रहे थे। इसी दौरान रात करीब आठ बजे गांव का रहने वाला रामभगत बरौतिया वहां पहुंचा। राजेंद्र और रामभगत के बीच सामान्य बातचीत के साथ हंसी-मजाक भी चल रहा था।
इसी बीच रामभगत ने अपने पास रखा छोटा सूअरमार बम राजेंद्र को रसगुल्ला बताते हुए खाने के लिए दे दिया। आंगन में पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण राजेंद्र उसकी असलियत नहीं समझ पाए। उन्होंने उसे मिठाई मानकर मुंह में रख लिया और चबाने लगे। कुछ ही पल में उनके मुंह के अंदर जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके की वजह से उनका चेहरा बुरी तरह जख्मी हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
ऑटो से 15 किलोमीटर दूर अस्पताल पहुंचे परिजन, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हादसे के बाद परिवार के लोग गंभीर रूप से घायल राजेंद्र को तत्काल ऑटो रिक्शा से जिला अस्पताल लेकर रवाना हुए। घटनास्थल से अस्पताल की दूरी करीब 15 किलोमीटर थी। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए रामभगत बरौतिया को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली थाना प्रभारी दुर्गा प्रसाद नगपुरे ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उसके पास सूअरमार बम कहां से आया और वह उसे अपने साथ क्यों रखे हुए था।
बारूद और पोटाश से बनता है खतरनाक सूअरमार बम
जबलपुर के बम निरोधक एवं बम डिस्पोजल दस्ते के प्रभारी पंकज सिंह के अनुसार, सूअरमार बम का इस्तेमाल आमतौर पर जंगली सूअरों के शिकार के लिए किया जाता है। इस तरह के बम में बारूद और पोटाश भरा रहता है। हल्का दबाव पड़ने या जमीन पर पटकने से भी इसमें विस्फोट हो सकता है।
उन्होंने बताया कि शिकारी जंगलों में छोटे वन्यजीवों को मारने के लिए भी इस तरह के विस्फोटक उपकरणों का इस्तेमाल करते हैं। पड़रिया छांटा गांव में हुई इस घटना ने ऐसे खतरनाक विस्फोटकों के खुले इस्तेमाल और उनके रखरखाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।








