बीमारी का इलाज करवाने पहुंची महिला के साथ झाड़-फूंक के बहाने हुई दर्दनाक यातना, पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया
उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के खाचरोद क्षेत्र से तंत्र-मंत्र और झाड़-फूंक के नाम पर इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला को “प्रेत आत्मा निकालने” के नाम पर आठ लोगों ने बुरी तरह प्रताड़ित किया। पीड़िता के दोनों हाथ और सिर पर गर्म सिक्के से दाग दिया गया। दर्द असहनीय होने पर वह बेहोश होकर गिर पड़ी। यह अमानवीय घटना 29 सितंबर की बताई जा रही है। आठ दिन बाद महिला ने हिम्मत जुटाकर महिला थाने में पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है।
बीमारी से परेशान थी महिला, मां ने लिया अंधविश्वास का सहारा
मामले की जानकारी के अनुसार, उज्जैन के जूना सोमवारिया इलाके में रहने वाली उर्मिला की शादी गौतमपुरा निवासी युवक से हुई है। उर्मिला कुछ समय से लगातार बीमार चल रही थी। डॉक्टरों से इलाज कराने के बावजूद कोई सुधार नहीं हुआ। जब हालात नहीं बदले, तो उर्मिला की मां को किसी ने बताया कि खाचरोद के पास के एक गांव में एक महिला नवरात्रि में माता का आशीर्वाद देकर बुरी आत्माओं से मुक्ति दिलाती है। इसी अंधविश्वास में फंसकर उर्मिला की मां बेटी को वहां ले गई।
नवरात्रि की सप्तमी पर हुआ कृत्य: पहले पीटा, फिर गर्म सिक्कों से दागा
नवरात्रि की सप्तमी के दिन उर्मिला अपनी मां और दो परिजनों के साथ श्रीवच्छ गांव पहुंची। वहां कथित माता आने वाली महिला के घर पर उसका ‘उपचार’ शुरू हुआ। उर्मिला की मां को बाहर रोक दिया गया, जबकि उर्मिला को कमरे में बंद कर दिया गया।
कमरे के अंदर मौजूद आठ लोगों ने पहले उसे जंजीरों से पीटा, फिर उसके हाथ बांध दिए। इसके बाद घी में भिगोई रुई की बत्ती को जलाकर उसके हाथों पर रख दिया। जब तक उसकी हथेलियाँ झुलस नहीं गईं, तब तक जलती बत्ती हटाई नहीं गई। इसके बाद आरोपियों ने उसका सिर गर्म सिक्के से दाग दिया, जिससे उसकी खोपड़ी की चमड़ी तक झुलस गई। असहनीय पीड़ा के कारण उर्मिला बेहोश होकर गिर पड़ी।
पुलिस भी देख दंग रह गई
दस दिन बाद जब उर्मिला को होश आया और थोड़ी तबीयत संभली, तो वह अपने परिवार के साथ महिला थाने पहुंची। टीआई लीला सोलंकी ने जब महिला के जले हुए हाथ और सिर देखे, तो खुद हैरान रह गईं। उन्होंने तुरंत खाचरोद थाने से संपर्क कर जांच शुरू करवाई।
आठ आरोपी नामजद, तीन गिरफ्तार
जांच में सामने आया कि श्रीवच्छ गांव की निवासी सुधा बाई झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र के नाम पर लोगों से ऐसे कर्मकांड करवाती है। पुलिस ने उर्मिला की रिपोर्ट के आधार पर आठ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है, जिनमें चार लोग पीड़िता के ही रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि बाकी की तलाश जारी है।
पुलिस ने चेताया: अंधविश्वास से दूर रहें
टीआई लीला सोलंकी ने कहा कि यह मामला न केवल अंधविश्वास का परिणाम है बल्कि कानून और मानवता दोनों की खुली अवहेलना है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसे तथाकथित तांत्रिकों और झाड़-फूंक करने वालों के बहकावे में न आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें।








