ग्राम पंचायत में भ्रष्टाचार का आरोप: कागजों में बने सोखता गड्ढे और नाडेप, जांच की मांग
तेन्दूखेड़ा। ग्राम सर्रा निवासी अनूप पटैल ने जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को आवेदन प्रस्तुत कर ग्राम पंचायत सर्रा में विभिन्न विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं में गंभीर अनियमितताओं तथा भ्रष्टाचार की जांच कराए जाने की मांग की है। आवेदक के अनुसार ग्राम पंचायत सर्रा में शासन द्वारा स्वीकृत विकास कार्यों एवं निर्माण कार्यों में भारी वित्तीय अनियमितताएं की गई हैं। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि राजू जैन के घर से कमल कुर्मी के घर की ओर निर्मित सीसी रोड अत्यंत घटिया गुणवत्ता की बनाई गई है। निर्माण कार्य में तकनीकी मानकों का पालन नहीं किया गया, जिससे शासन की राशि का दुरुपयोग होने की आशंका व्यक्त की गई है। आवेदक ने इस सड़क निर्माण की तकनीकी एवं वित्तीय जांच कराए जाने की मांग की है। इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत द्वारा सोखता गड्ढों के निर्माण में भी गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया गया है। आवेदन के अनुसार लगभग 25 से 30 सोखता गड्ढों के निर्माण हेतु राशि स्वीकृत एवं व्यय दर्शाई गई है, जबकि मौके पर मात्र 7 से 8 गड्ढों का ही निर्माण पाया गया है। शेष राशि के गबन की आशंका जताई गई है। इसी प्रकार ग्राम मांदों में दो सोखता गड्ढों की राशि आहरित किए जाने के बावजूद एक भी गड्ढा निर्मित नहीं किया गया है। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि नाडेप निर्माण कार्यों में भी अनियमितता बरती गई है। ग्राम सर्रा में केवल दो नाडेप निर्माण किए गए हैं, जबकि छह नाडेप निर्माण की राशि पंचायत द्वारा निकाली जा चुकी है। वहीं ग्राम मांदों में एक नाडेप निर्माण की राशि आहरित किए जाने के बावजूद मौके पर कोई निर्माण कार्य नहीं मिला है। इससे पंचायत के सरपंच एवं सचिव की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े हो रहे हैं। आवेदक अनूप पटैल ने मांग की है कि ग्राम पंचायत सर्रा में कराए गए सभी निर्माण कार्यों की निष्पक्ष एवं सूक्ष्म जांच कराई जाए तथा यदि अनियमितता एवं भ्रष्टाचार प्रमाणित होता है तो दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। ग्रामीणों का कहना है कि जांच से वास्तविक स्थिति सामने आएगी तथा शासन की योजनाओं में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित हो सकेगी।








