भजन-कीर्तन को लेकर विवाद, घर पर पथराव,खुरई में धार्मिक आयोजन के दौरान नशे में पहुंचे युवकों ने मचाया हंगामा, केस दर्ज
खुरई।शहर के संत कंवरदास वार्ड में भजन-कीर्तन को लेकर हुए विवाद में तीन युवकों द्वारा एक घर पर पत्थरबाजी किए जाने का मामला सामने आया है। यह घटना भूतेश्वर रेलवे फाटक के पास रविवार रात की बताई जा रही है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार फरियादी गिरीश जैन (46) ने बताया कि रविवार रात उनके निवास पर भजन-कीर्तन का आयोजन चल रहा था। इसी दौरान दीपक साहू, सौरभ यादव और दीपेश यादव शराब के नशे में वहां पहुंचे और आयोजन बंद करने का दबाव बनाने लगे। जब परिजनों ने भजन-कीर्तन बंद करने से इनकार किया तो तीनों युवक गाली-गलौज करने लगे और कुछ ही देर में घर पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए।
पत्थरबाजी से घर में रखा सामान क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि सौभाग्य से परिवार के सदस्य किसी तरह की चोट से बच गए। घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पर दी गई। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो गए।
गिरीश जैन की शिकायत पर खुरई शहरी थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 296(ए), 351(3), 324(3) और 2023(5) के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
खुरई शहरी थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह दांगी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








