घर में फंदे पर मिली विवाहिता की लाश, मायके पक्ष ने जताई हत्या की आशंका
सागर। मंडी बामोरा पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम लहटवास में रविवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका का शव उसके ही घर के कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे आत्महत्या मानने से इनकार किया है।
जानकारी के अनुसार, लहटवास निवासी प्रियंका विश्वकर्मा रविवार को घर में अकेली थीं। उस समय परिवार के अन्य सदस्य खेत पर काम करने गए हुए थे। इसी दौरान घर के अंदर से बच्चों के लगातार रोने की आवाज आने लगी। आवाज सुनकर पड़ोसियों को शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने प्रियंका के पति हरि बाबू अहिरवार को सूचना दी।
सूचना मिलते ही हरि बाबू घर पहुंचे, लेकिन मकान का दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की से झांकने पर पत्नी को फंदे से लटका देख उन्होंने शोर मचाया। दरवाजा नहीं खुलने पर दीवार तोड़कर घर में प्रवेश किया गया। अंदर पहुंचने पर प्रियंका को फंदे से नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
बताया गया है कि प्रियंका की शादी वर्ष 2018 में हुई थी और उनके तीन छोटे बच्चे हैं। घटना की खबर मिलते ही मायके पक्ष मौके पर पहुंच गया। मृतका के भाई सोनू ने आरोप लगाया कि घटना से एक रात पहले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी आधार पर उन्होंने मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है।
परिजनों ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मंडी बामोरा पुलिस ने नायब तहसीलदार हेमराज मेहर की मौजूदगी में शव का पंचनामा किया। इसके बाद सिविल अस्पताल में डॉक्टरों के विशेष पैनल द्वारा पोस्टमॉर्टम कराया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








