राहतगढ़-सागर रोड पर भीषण हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने ली बाइक सवार की जान
सागर। जिले की सीहोरा पुलिस चौकी क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना राहतगढ़-सागर रोड स्थित मुगरयाऊ तिराहे के पास की है।
जानकारी के अनुसार, मृतक विजय यादव निवासी सिंगार मुंडी, शाहपुर में एक गमी कार्यक्रम में शामिल होकर बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान मुगरयाऊ तिराहे के पास सामने से आ रहे आयशर ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि विजय यादव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सीहोरा पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची,पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर राहतगढ़ अस्पताल भेजा, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।








