MP में भीषण सड़क हादसा, 7 वाहन आपस में टकराए, अनियंत्रित ट्रक और गैस टैंकर की चपेट में आईं कारें
इंदौर। इंदौर जिले के महू क्षेत्र में शनिवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। मानपुर भेरू घाट पर एक के बाद एक सात वाहन आपस में टकरा गए। इस दुर्घटना में एक ट्रक और गैस टैंकर आगे चल रही कारों पर चढ़ गए, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद मुंबई–आगरा नेशनल हाईवे पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जिस स्थान पर हादसा हुआ वह घाट का हिस्सा है, जहां करीब दो किलोमीटर लंबी ढलान है। इसी ढलान से तेज गति में आ रहा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और आगे चल रहे आयशर वाहन से टकरा गया। आयशर को पीछे से जोरदार टक्कर लगते ही वह आगे खड़ी कार से जा भिड़ा। इसके बाद एक कार और पिकअप वाहन भी आपस में टकरा गए, जिससे हादसा और गंभीर हो गया।
मानपुर थाना प्रभारी लोकेंद्र हीहोर ने बताया कि दुर्घटना में कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं, हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। सभी लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
ब्रेक फेल होने से बिगड़ा संतुलन
इंदौर से हैदराबाद की ओर जा रहे ट्रक चालक मोहम्मद आरिफ ने बताया कि ढलान पर ट्रक के ब्रेक फेल हो गए थे। उन्होंने बताया कि सड़क के एक तरफ जाम लगा हुआ था और वहां कारों में बच्चे भी सवार थे। स्थिति को देखते हुए उन्होंने ट्रक दूसरी ओर मोड़ा, लेकिन इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रेलर से टक्कर हो गई। चालक के अनुसार, उन्होंने खुद को और सड़क पर मौजूद लोगों को बचाने की कोशिश की।
राजस्थान निवासी कार चालक रघुवीर ने बताया कि सड़क पर दो लेन में वाहनों की लंबी कतार लगी हुई थी और उनकी कार जाम में खड़ी थी। इसी दौरान दूसरी लेन से एक लोडेड ट्रक आया और पहले पिकअप को टक्कर मार दी। पिकअप पलटते हुए उनकी कार पर आ गिरा। कार में दो लोग सवार थे, जो सुरक्षित बच गए।
एयरबैग खुलने से टली बड़ी अनहोनी
एक अन्य कार सवार जयदीप ने बताया कि वह उज्जैन से त्र्यंबकेश्वर दर्शन के लिए जा रहे थे। आगे जाम देखकर उन्होंने सर्विस लेन की ओर वाहन रोक दिया था। कुछ ही मिनट बाद पीछे से तेज टक्कर लगी, जिसके बाद आगे खड़ी कई गाड़ियां भी इसकी चपेट में आ गईं। जयदीप के अनुसार, उनकी कार में कुल आठ लोग सवार थे, जिनमें चार बच्चे शामिल थे। हादसे के दौरान कार के एयरबैग खुल गए, जिससे सभी लोग सुरक्षित रहे और किसी को चोट नहीं








