पति का अनोखा फैसला : पत्नी की शादी उसके प्रेमी से कराई,खतरे की आशंका और आपसी सहमति के बाद मंदिर में हुआ विवाह
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से एक असामान्य लेकिन चर्चा में रहने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने अपनी पत्नी की शादी उसके प्रेमी से करवा दी और विवाह के बाद दोनों को आशीर्वाद देकर विदा कर दिया। पति का कहना है कि पत्नी के प्रेम संबंध को स्वीकार न करने की स्थिति में उसे अपनी जान को खतरा महसूस हो रहा था, इसी कारण उसने यह कदम उठाया।
यह मामला जौनपुर जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से जुड़ा है। गांव निवासी पम्मी प्रजापति की शादी करीब चार वर्ष पहले मिर्जापुर के रहने वाले तंजय से हुई थी। शादी के एक साल बाद दोनों के यहां एक बेटा हुआ। इसके बाद तंजय पत्नी और बेटे के साथ मुंबई चला गया, जहां वह एक निजी कंपनी में नौकरी करता है।
मुंबई से प्रेमी संग जौनपुर पहुंची पत्नी
तंजय के अनुसार, 2 जनवरी को उसकी पत्नी पम्मी बिना बताए मुंबई से अपने प्रेमी राजू बैरागी के साथ चली गई। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो तंजय ने इस संबंध में महाराष्ट्र पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। बाद में पत्नी का फोन आया, जिसमें उसने बताया कि वह अपने प्रेमी के साथ जौनपुर जा रही है और अब उसी के साथ रहना चाहती है।
समझाने के बाद भी नहीं मानी पत्नी
तंजय का कहना है कि उसने पत्नी को काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपने फैसले पर अड़ी रही। इसके बाद तंजय ने पूरे मामले की जानकारी अपने परिजनों को दी और आपसी सहमति से अलग होने का निर्णय लिया। बताया गया कि प्रेमी राजू बैरागी पम्मी के पड़ोसी गांव का रहने वाला है और दोनों साथ में पढ़ाई कर चुके हैं।
मंदिर में कराई शादी, लिखित समझौता भी हुआ
शुक्रवार को तंजय ने पम्मी और राजू बैरागी के परिजनों तथा अधिवक्ताओं की मौजूदगी में अंतिम फैसला लिया। कचहरी में वकीलों से कानूनी सलाह लेने के बाद एक मंदिर में पम्मी की शादी उसके प्रेमी राजू बैरागी से कराई गई। इसके बाद तंजय ने दोनों को आशीर्वाद देकर विदा कर दिया। लिखित समझौते के अनुसार, तंजय अपने दो वर्षीय बेटे को अपने साथ रखेगा।
जान के खतरे की आशंका जताई
तंजय ने बताया कि पत्नी का अपने कॉलेज के प्रेमी से लगातार संपर्क था और वही उसके साथ मुंबई से जौनपुर गई। उसका कहना है कि जब पत्नी अपने प्रेमी के साथ खुश है तो उसे जबरन साथ रखना ठीक नहीं। तंजय ने यह भी कहा कि प्रेम संबंध में बाधा बनने पर उसके साथ कोई अनहोनी हो सकती थी, यहां तक कि उसकी हत्या की आशंका भी थी, इसलिए उसने यह रास्ता चुना।
पत्नी का पक्ष: बिना मर्जी कराई गई थी शादी
वहीं, पत्नी पम्मी का कहना है कि उसकी शादी उसकी इच्छा के बिना गलत जानकारी देकर कराई गई थी। उसके अनुसार, शादी से पहले बताया गया था कि तंजय के पास मुंबई में फ्लैट और काफी संपत्ति है, लेकिन बाद में पता चला कि वह केवल नौकरी करता है। पम्मी ने कहा कि वह अपने कॉलेज में साथ पढ़ने वाले राजू बैरागी के साथ खुश है और अब उसी के साथ रहना चाहती है।
बताया गया है कि राजू बैरागी की पहले भी शादी हो चुकी थी, लेकिन उसकी पत्नी का निधन हो गया था। इसके बाद वह अकेला रह रहा था। इसी दौरान पम्मी से बातचीत बढ़ी और दोनों ने साथ रहने का निर्णय लिया।








