जबलपुर। ग्रेनेडियर्स रेजिमेंटल सेंटर (जीआरसी) में चल रहे प्रशिक्षण के दौरान एक अग्निवीर का बड़ा धोखाधड़ी मामला सामने आया है। आरोपी ने सेना में भर्ती होने के लिए अपने आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों में गड़बड़ी कर ली थी। जाली कागज़ों के सहारे चयनित होने के बाद वह जीआरसी में प्रशिक्षण ले रहा था, लेकिन जांच पड़ताल में उसके दस्तावेजों की सच्चाई खुल गई। पकड़े जाने पर सेना ने उसे तत्काल सेवा से बाहर कर दिया।
आरोपी की पहचान पप्पू कुमार शाह उर्फ आयुष्मान आशीष के रूप में हुई है। बुधवार को जीआरसी प्रशासन ने इस मामले की शिकायत गोरखपुर थाने में दर्ज कराई है। पुलिस अब उसके सभी अभिलेखों और पृष्ठभूमि की गहन जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, आरोपी ने दानापुर भर्ती रैली के दौरान फर्जी दस्तावेजों के सहारे अग्निवीर चयन प्रक्रिया में हिस्सा लिया था।
बैंक खाता खुलवाने में हुआ खुलासा
मामला तब सामने आया जब प्रशिक्षण के दौरान अग्निवीरों के बैंक खाते खोले जा रहे थे। सत्यापन के लिए जब उसके आधार कार्ड की जांच की गई तो दस्तावेजों में दर्ज नाम और बैंक रिकॉर्ड में दर्ज नाम अलग निकले।
इसके बाद जीआरसी अधिकारियों ने गहन जांच की तो पता चला कि भर्ती से पहले आरोपी ने अपने आधार कार्ड में कई बदलाव कराए थे। उसमें नाम, पिता का नाम और जन्मतिथि तक बदल दी गई थी। भर्ती के दौरान जमा किए गए आधार कार्ड में उसका नाम ‘आयुष्मान आशीष’ दर्ज था, जबकि वास्तविक पहचान पप्पू कुमार शाह की निकली। इस तरह की जालसाजी सामने आते ही सेना ने कड़ी कार्रवाई करते हुए उसे बाहर का रास्ता दिखा दिया।