तेंदुए का हमला : घर के आंगन में टहल रहे 26 वर्षीय युवक पर तेंदुए ने किया हमला
कटंगी। कटंगी वन परिक्षेत्र में जंगली जानवरों की हलचल थमने का नाम नहीं ले रही है। तेंदुए और बाघ की मौजूदगी से जुड़े मामलों के बीच बुधवार देर रात एक और घटना सामने आई, जब बिसापुर ग्राम पंचायत के अंतर्गत आने वाले वनग्राम बालापुर में एक युवक पर तेंदुए ने हमला कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, बालापुर निवासी 26 वर्षीय दिनेश पिता दिलीप ऊइके रात करीब आठ बजे भोजन करने के बाद अपने घर के आंगन में टहल रहे थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे तेंदुए ने अचानक उन पर झपट्टा मार दिया। हमले के बाद युवक की चीख सुनकर आसपास के लोग घबरा गए। देखते ही देखते गांव में अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके की ओर दौड़े। शोर-शराबा बढ़ने पर तेंदुआ वहां से भाग निकला। घटना की सूचना तुरंत वन विभाग और पुलिस को दी गई। डायल 112 की टीम घायल युवक को तत्काल कटंगी के शासकीय अस्पताल लेकर पहुंची।
हमले में दिनेश के सिर पर चोट आई है। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को देखते हुए देर रात उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल उनका इलाज जारी है और उन्हें खतरे से बाहर बताया जा रहा है।
घटना के बाद बालापुर गांव में दहशत का माहौल है। जंगल से सटे इस क्षेत्र में लोग एहतियात के तौर पर घरों के बाहर लाठी-डंडे लेकर पहरा देते नजर आ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में जंगली जानवरों की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे लगातार भय बना हुआ है।
कटंगी वन परिक्षेत्र अधिकारी बाबूलाल चड़ार ने बताया कि गांव जंगल के समीप स्थित है, संभवतः तेंदुआ विचरण करते हुए आबादी तक पहुंच गया। उन्होंने कहा कि घायल युवक का इलाज पूरी तरह होने तक विभाग उपचार का खर्च वहन करेगा। वन विभाग की टीम क्षेत्र में निगरानी बढ़ा रही है।








