लोकायुक्त की कार्रवाई : जल संसाधन विभाग के EE व्हीए सिद्दीकी 20 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार
कटनी। मध्य प्रदेश के कटनी जिले में सोमवार को जबलपुर लोकायुक्त की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री (EE) व्हीए सिद्दीकी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई उनके निजी आवास पर की गई, जहां वे विभाग के ही एक सेवानिवृत्त कर्मचारी से भुगतान के बदले कमीशन मांग रहे थे।
लोकायुक्त कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता कुंवर लाल जल संसाधन विभाग में दैनिक वेतनभोगी स्थाई कर्मी के रूप में कार्यरत थे। सेवानिवृत्ति के बाद वर्ष 2016 से उनके एरियर्स की राशि लंबित थी। भुगतान नहीं होने पर उन्होंने कई बार विभागीय अधिकारियों से संपर्क किया, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। अंततः उन्होंने न्याय के लिए हाई कोर्ट में याचिका दायर की।
वर्ष 2025 में माननीय हाई कोर्ट ने कुंवर लाल के पक्ष में फैसला सुनाते हुए एरियर्स भुगतान का आदेश दिया। आदेश के अनुसार उन्हें लगभग सात से आठ लाख रुपये मिलना थे। आरोप है कि जब वे भुगतान प्रक्रिया पूरी कराने के लिए कार्यपालन यंत्री व्हीए सिद्दीकी के पास पहुंचे, तो उनसे 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई।
इस मांग से परेशान होकर कुंवर लाल ने जबलपुर लोकायुक्त में शिकायत दर्ज कराई। प्रारंभिक जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद सोमवार को 12 सदस्यीय लोकायुक्त टीम तीन वाहनों से कटनी पहुंची और जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार कुंवर लाल ने कार्यपालन यंत्री के घर पहुंचकर रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 20 हजार रुपये दिए। जैसे ही रकम सौंपी गई, पहले से मौजूद टीम ने मौके पर ही उन्हें पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने आरोपी के हाथ धुलवाए, जिनका रंग गुलाबी हो गया, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हुई। लोकायुक्त ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
विभाग के वरिष्ठ अधिकारी की इस गिरफ्तारी के बाद कटनी जिले में प्रशासनिक हलकों में हलचल देखी जा रही है। मामले की जांच जारी है।








