सागर में पार्षद के घर के बाहर बदमाशों ने लहराए धारदार हथियार, CCTV में कैद हुई वारदात
सागर। मोतीनगर थाना अंतर्गत केशवगंज वार्ड में होलिका दहन कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस पार्षद के घर के बाहर बदमाशों द्वारा धारदार हथियार लहराने का मामला सामने आया है। पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, केशवगंज वार्ड से कांग्रेस पार्षद निलोफर चमन अंसारी के घर के बाहर कुछ युवक धारदार हथियार लेकर पहुंचे और घर में घुसने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि यह घटना होलिका दहन कार्यक्रम के समय की है, जब क्षेत्र में लोग उत्सव में व्यस्त थे।
घटना के बाद पार्षद ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के अनुसार, पार्षद के पड़ोस में रहने वाले अज़हर और उसके एक साथी पर हमला करने का आरोप है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों को शक था कि पार्षद के पति उनकी गतिविधियों की मुखबिरी पुलिस से करते हैं, इसी संदेह को लेकर विवाद हुआ।
मोतीनगर थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त बढ़ा दी गई है।








