MP : नवरात्र मेले में श्रद्धालुओं को राहत: मैहर स्टेशन पर 15 जोड़ी एक्सप्रेस ट्रेनों का अस्थायी ठहराव, देखें लिस्ट…..
जबलपुर। मध्यप्रदेश के मां शारदा देवी मंदिर मैहर में आयोजित होने वाले नवरात्र मेले के मद्देनज़र रेलवे प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की है। मेले के दौरान मैहर रेलवे स्टेशन पर 15 जोड़ी एक्सप्रेस ट्रेनों को अस्थायी रूप से रुकने की अनुमति दी गई है। प्रत्येक ट्रेन यहां करीब पांच मिनट तक ठहरेगी, जिससे अलग-अलग राज्यों से आने वाले यात्रियों को मंदिर तक पहुंचने में आसानी होगी।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक नवरात्र के समय मैहर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां शारदा देवी के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। यात्रियों की इसी बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर अतिरिक्त ट्रेनों के ठहराव का निर्णय लिया गया है, ताकि यात्रा सुगम हो सके और स्टेशन परिसर में भीड़ को व्यवस्थित ढंग से नियंत्रित किया जा सके।
इन ट्रेनों को मिला अस्थायी ठहराव
रेलवे द्वारा जिन प्रमुख ट्रेनों को मैहर स्टेशन पर अस्थायी हाल्ट दिया गया है, उनमें लोकमान्य तिलक टर्मिनस–गोरखपुर एक्सप्रेस (11055/11056), लोकमान्य तिलक टर्मिनस–छपरा एक्सप्रेस (11059/11060), चेन्नई–छपरा एक्सप्रेस (12669/12670), वलसाड–मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस (19051/19052) और कोल्हापुर–धनबाद एक्सप्रेस (11045/11046) शामिल हैं।
कई अन्य एक्सप्रेस ट्रेनें भी रुकेंगी
इसके अलावा एलटीटी–रक्सौल एक्सप्रेस (15268/15267), दुर्ग–नवतनवा एक्सप्रेस (18201/18202), पुणे–गोरखपुर एक्सप्रेस (11037/11038), पूर्णा–पटना एक्सप्रेस (17610/17609), लोकमान्य तिलक टर्मिनस–अयोध्या कैंट एक्सप्रेस (22103/22104) और लोकमान्य तिलक टर्मिनस–रांची एक्सप्रेस (18610/18609) को भी अस्थायी ठहराव दिया गया है।
इसी क्रम में बांद्रा टर्मिनस–पटना एक्सप्रेस (22971/22972), पुणे–बनारस एक्सप्रेस (22131/22132), लोकमान्य तिलक टर्मिनस–गुवाहाटी एक्सप्रेस (15647/15648) तथा सूरत–छपरा एक्सप्रेस (19045/19046) भी नवरात्र मेले की अवधि में मैहर स्टेशन पर रुकेंगी।
रेलवे प्रशासन का कहना है कि इस व्यवस्था से देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान बेहतर सुविधा मिलेगी और नवरात्र मेले के समय मैहर पहुंचने वाले यात्रियों की आवाजाही अधिक व्यवस्थित ढंग से संचालित की जा सकेगी।








