होम देश / विदेश मध्यप्रदेश राजनीति धर्म/अध्यात्म ऑटोमोबाइल सरकारी योजना खेल समाचार
By
—
On:

MP : अवैध शराब से भरे ट्रक ने खातेगांव टीआई को कुचला, इलाज के दौरान मौत; शराब से खाली मिला वाहन, उठे सवाल

MP : अवैध शराब से ...

[post_dates]

Sub Editor

Published on:

whatsapp

MP : अवैध शराब से भरे ट्रक ने खातेगांव टीआई को कुचला, इलाज के दौरान मौत; शराब से खाली मिला वाहन, उठे सवाल

तस्करी की सूचना पर पुलिस टीम के साथ हाईवे पहुंचे थे थाना प्रभारी दिलीप पुरी, ट्रक चालक मौके से फरार; कांग्रेस नेता अरुण यादव ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल

मध्य प्रदेश के देवास जिले में अवैध शराब की तस्करी रोकने पहुंचे खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। शराब तस्करी में इस्तेमाल हो रहे ट्रक ने उन्हें कुचल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिसकर्मी उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां करीब दो घंटे तक सीपीआर देने और उपचार करने के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

घटना रविवार देर रात करीब डेढ़ बजे की है। पुलिस को अवैध शराब से भरे ट्रक के इंदौर-बैतूल हाईवे से गुजरने की सूचना मिली थी। इस पर टीआई दिलीप पुरी अपनी टीम के साथ कार्रवाई के लिए रवाना हुए। इसी ट्रक का पीछा नेमावर पुलिस भी कर रही थी। पुलिस टीम को ट्रक हाईवे पर डिवाइडर के पास खड़ा दिखाई दिया।

पुलिस के पहुंचने के दौरान चालक ने ट्रक को डिवाइडर पर चढ़ाते हुए आगे निकालने की कोशिश की। इसी बीच ट्रक का पिछला पहिया दिलीप पुरी के ऊपर से गुजर गया। हादसे में उनके शरीर पर कई गंभीर चोटें आईं और काफी खून बह गया। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तमाम प्रयासों के बाद भी डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।

संदलपुर में ट्रक छोड़कर चालक फरार, पुलिस कर रही तलाश

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को डिवाइडर पार कर दूसरी तरफ ले गया और संदलपुर में छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर संदलपुर थाने में खड़ा कराया है। फरार चालक की तलाश के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही देवास एसपी आदित्य मिश्रा सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे खातेगांव पहुंचे। वहीं, टीआई दिलीप पुरी के परिजन भी घटना की सूचना मिलने पर खातेगांव पहुंच गए। उनके परिवार में पत्नी कविता और एक बेटा-बेटी हैं।

ट्रक में शराब कहां गई? खाली वाहन मिलने से उठे सवाल

इस पूरे मामले में ट्रक में मौजूद शराब को लेकर भी कई सवाल सामने आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि जिस वाहन से टीआई दिलीप पुरी को कुचला गया, उसमें अवैध शराब भरी हुई थी। हालांकि, घटनास्थल पर पुलिस को जो ट्रक मिला, उसके खाली होने की बात कही जा रही है।

ऐसे में जांच का एक अहम पहलू यह भी है कि हादसे के बाद ट्रक से शराब उतारी गई थी या नहीं। यदि शराब अनलोड की गई, तो उसे कहां ले जाया गया और इस पूरी कार्रवाई में कौन शामिल था? पुलिस के सामने अब ट्रक चालक को पकड़ने के साथ शराब की बरामदगी और उसके गायब होने की परिस्थितियों का पता लगाने की चुनौती भी है।

पिता ओमप्रकाश पुरी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पैतृक गांव में होगा अंतिम संस्कार

थाना प्रभारी दिलीप पुरी मूल रूप से धार जिले की सरदारपुर तहसील के ग्राम बरमण्डल के रहने वाले थे। उनके पिता ओमप्रकाश पुरी खेती-किसानी के साथ कांग्रेस की राजनीति में भी सक्रिय हैं। बेटे की मौत की खबर गांव पहुंचते ही शोक का माहौल छा गया।

दिलीप पुरी का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव बरमण्डल में राजकीय सम्मान के साथ किए जाने की जानकारी सामने आई है। उनके छोटे भाई इंदौर में निजी क्षेत्र में नौकरी करते हैं। घटना की खबर मिलने के बाद परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों का घर पहुंचना शुरू हो गया।

अरुण यादव ने सरकार को घेरा, बोले- कानून के रक्षक ही सुरक्षित नहीं

टीआई दिलीप पुरी की मौत के बाद पूर्व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अरुण यादव ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए इस घटना को मध्य प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर करारा तमाचा बताया।

अरुण यादव ने दिवंगत थाना प्रभारी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवार के प्रति संवेदना जताई। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में माफिया के हौसले बुलंद हैं और सरकार इस स्थिति पर खामोश बनी हुई है। उन्होंने कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार की भूमिका पर सवाल खड़े किए।

Join our WhatsApp Group
Sub Editor

मैं सूरज सेन पिछले 6 साल से पत्रकारिता से जुड़ा हुआ हूं और मैने अलग अलग न्यूज चैनल,ओर न्यूज पोर्टल में काम किया है। खबरों को सही और सरल शब्दों में आपसे साझा करना मेरी विशेषता है।
प्रमुख खबरें
View All