सागर : असद के अथर्व बनने के मामले में नया मोड़, दूसरी शादी के लिए साजिश का आरोप !
सागर। मकरोनिया निवासी असद खान के अथर्व त्यागी बनने के मामले में नया मोड़ सामने आया है। आरोप है कि असद ने दूसरी शादी करने के उद्देश्य से यह पूरा घटनाक्रम रचा, ताकि समुदाय से बाहर अपनी पुरानी प्रेमिका से विवाह करने में कोई बाधा न रहे। सोशल मीडिया पर भी इससे जुड़े दावे सामने आ रहे हैं, जहां परिचित लोग उसकी पत्नी के साथ तस्वीरें साझा कर सच्चाई उजागर करने का दावा कर रहे हैं।
मामले को उस समय और बल मिला, जब असद के ससुर सलीम खान ने गंभीर आरोप लगाए। सलीम खान ने बुधवार दोपहर 1:00 जानकारी देते हुए बताया शादी के करीब डेढ़ साल बाद ही असद और उसके परिजन उनकी बेटी की दूसरी शादी कराने का दबाव बनाने लगे थे। यहां तक कि विवाह में हुए लगभग 18–20 लाख रुपये खर्च लौटाने की बात भी कही गई थी, हालांकि उनकी बेटी ने साफ कह दिया था कि शादी एक ही बार होती है।
सलीम खान के अनुसार, नवंबर 2020 में उन्होंने अपनी बेटी की शादी अपने भांजे असद से की थी। सीमित आर्थिक स्थिति के बावजूद बेटी की खुशी के लिए प्लॉट बेचकर विवाह कराया गया था। अब धर्म परिवर्तन की खबर सामने आने के बाद पूरा परिवार स्तब्ध है।
गौरतलब है कि मकरोनिया निवासी 33 वर्षीय युवक ने सोमवार को बनारस जाकर सनातन धर्म अपनाने और अपना नाम अथर्व त्यागी रखने का दावा किया था। मीडिया से बातचीत में उसने यह भी कहा था कि उसकी शादी नहीं हुई है। लेकिन यह जानकारी सामने आते ही पत्नी और उसके मायके पक्ष ने आरोपों के साथ सामने आकर पूरे मामले को उजागर किया है।








