( सागर ) शाहगढ़ में ओवरलोड टेंपो पलटा: तीन महिलाएं घायल, सागर जिला अस्पताल रेफर
सागर / शाहगढ़। रक्षा बंधन के दिन लापरवाही और लालच ने एक बार फिर हादसे को जन्म दे दिया। शाहगढ़-बरेठा रोड पर बटवाहा गांव के पास शनिवार शाम एक ओवरलोड टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दुर्घटना में टेंपो में सवार सभी लोगों को चोटें आईं, जिनमें से तीन महिलाओं को गंभीर हालत में सागर जिला अस्पताल रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार, हादसा शनिवार शाम करीब 5 बजे हुआ। टेंपो में कुल 15 लोग सवार थे, जबकि इसकी निर्धारित क्षमता मात्र 5 सवारियों की थी। सवारियों में 13 वयस्क और 2 छोटे बच्चे शामिल थे। यह टेंपो शाहगढ़ से झडौला और कानीखेड़ी की ओर जा रहा था। झडौला निवासी सपना पति परमलाल अहिरवार अपने दो वर्षीय बेटे के साथ भाई को राखी बांधने जा रही थीं। उनके साथ भाभी राजबाई पति जशरथ अहिरवार और अन्य रिश्तेदार भी उसी टेंपो में सवार थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जल्दी पहुंचने और अधिक किराया कमाने के चक्कर में चालक ने क्षमता से तीन गुना ज्यादा सवारियां बैठा लीं। वहीं सवारियों ने भी किराया बचाने के लालच में बिना सोचे-समझे छोटे वाहन में सफर करना मंजूर कर लिया। बटवाहा के पास पहुंचते ही टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। अचानक हुए हादसे से सवारियों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकाला।
सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंची। सभी घायलों को पहले शाहगढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सपना, राजबाई और मीरा को गंभीर चोटों के चलते जिला अस्पताल सागर रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह ओवरलोडिंग पाई गई है। टेंपो को जब्त कर थाने लाया गया है और दुर्घटना का मामला दर्ज कर लिया गया है।
हमारे बारे में
योगेश दत्त तिवारी पिछले 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं और मीडिया की दुनिया में एक विश्वसनीय और सशक्त आवाज के रूप में अपनी पहचान बना चुके हैं। अपने समर्पण, निष्पक्षता और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता के चलते उन्होंने पत्रकारिता में एक मजबूत स्थान बनाया है।
पिछले 15 वर्षों से वे प्रतिष्ठित दैनिक समाचार पत्र 'देशबंधु' में संपादक के रूप में कार्यरत हैं। इस भूमिका में रहते हुए उन्होंने समाज के ज्वलंत मुद्दों को प्रमुखता से उठाया है और पत्रकारिता के उच्चतम मानकों को बनाए रखा है। उनकी लेखनी न सिर्फ तथ्यपरक होती है, बल्कि सामाजिक चेतना को भी जागृत करती है।
योगेश दत्त तिवारी का उद्देश्य सच्ची, निष्पक्ष और जनहितकारी पत्रकारिता को बढ़ावा देना है। उन्होंने हमेशा युवाओं को जिम्मेदार पत्रकारिता के लिए प्रेरित किया है और पत्रकारिता को सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि समाज सेवा का माध्यम माना है।
उनकी संपादकीय दृष्टि, विश्लेषणात्मक क्षमता और निर्भीक पत्रकारिता समाज के लिए प्रेरणास्रोत रही है।