सागर : गंदी नालियों के बीच से गुजर रही पेयजल पाइपलाइन तस्वीरें आईं सामने
सागर। इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी पीने से लोगों के बीमार होने और मौत के मामलों के बाद भी प्रदेश में पेयजल व्यवस्था की लापरवाही थमने का नाम नहीं ले रही है। इसी क्रम में जैसीनगर से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां गंदी नालियों के बीच से गुजर रही पेयजल पाइप लाइन की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई हैं। स्थानीय नागरिकों ने जैसीनगर बस स्टैंड क्षेत्र की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की। तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि खुले नाले के भीतर से ही पेयजल पाइप लाइन बिछाई गई है, जबकि इसी पाइप लाइन से कई घरों को पानी की आपूर्ति की जा रही है। नाली में बह रहा गंदा पानी और उसके बीच से गुजरती पाइप लाइन जनस्वास्थ्य के लिये बड़ा खतरा बनती नजर आ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पाइप लाइन लंबे समय से इसी हालत में है, लेकिन ग्राम पंचायत और संबंधित विभाग द्वारा अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई। लोगों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते सुधार नहीं किया गया तो जैसीनगर में भी इंदौर जैसी गंभीर घटना से इनकार नहीं किया जा सकता। तस्वीरें सामने आने के बाद नागरिकों ने ग्राम पंचायत प्रशासन से मांग की है कि नाली से गुजर रही पाइप लाइन को तत्काल हटाकर सुरक्षित स्थान पर नई लाइन बिछाई जाये, साथ ही पानी की गुणवत्ता की जांच कराकर रिपोर्ट सार्वजनिक की जाये। फिलहाल इस मामले में ग्राम पंचायत या संबंधित विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नही आई है, लेकिन वायरल तस्वीरों ने पेयजल व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी पर सवाल खड़े कर दिये हैं।








