सागर बारात गोलीकांड: नाबालिग बैंड वादक की मौत में दो और गिरफ्तार, तीनों आरोपी जेल भेजे गए
सागर। मोती नगर थाना क्षेत्र के गोला कुआं के पास गुरुवार रात हुई बारात गोलीकांड की सनसनीखेज घटना में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए दो सह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
उल्लेखनीय है कि गुरुवार रात करीब 10:30 बजे बारात के दौरान अचानक चली गोली से बैंड बजा रहे 15 वर्षीय विवेक बंसल की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना से शादी की खुशियां मातम में बदल गई थीं। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी प्रशांत पटेल को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि घटना के बाद साक्ष्य मिटाने में आरोपी की मदद की गई थी। इसी आधार पर पुलिस ने अनमोल सोनी और सत्यम कुर्मी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के बाद दोनों को सोमवार न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है। मामले की विवेचना जारी है और अन्य बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है।








