सागर : NH-44 बाछलोन के पास भीषण हादसा, दो ट्रकों की आमने-सामने भिड़ंत, चालक घायल, 5 किमी तक जाम
सागर। बहेरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-44 पर रविवार तड़के करीब 6 बजे बड़ा सड़क हादसा हो गया। बाछलोन गांव के पास घने कोहरे के बीच दो ट्रकों की आमने-सामने से जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसे में एक ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि हाईवे पर करीब 5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
जानकारी के अनुसार ट्रक क्रमांक RJ-11-GB-4425 और NL-01-AF-9588 के बीच यह भिड़ंत हुई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि राजस्थान पासिंग ट्रक का चालक आसिफ खान गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और घायल चालक को एंबुलेंस की मदद से तत्काल अस्पताल भिजवाया।
हादसे के बाद हाईवे पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब 5 किलोमीटर तक जाम की स्थिति बन गई। इसके बाद हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने क्रेन मंगवाकर दोनों क्षतिग्रस्त ट्रकों को सड़क किनारे कराया, तब जाकर आवागमन सुचारु हो सका।
हाईवे पेट्रोलिंग टीम में आरपीओ लालू चौधरी, चालक भानु प्रताप चढार एवं हेल्पर रोहित जाटव शामिल थे। बताया जा रहा है कि बाछलोन गांव के पास ब्रिज निर्माण कार्य चलने के कारण फोरलेन हाईवे के एक ही हिस्से से आवागमन हो रहा था। इसी बीच घना कोहरा और सीमित दृश्यता हादसे की बड़ी वजह बनी।
प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि कोहरे के दौरान निर्धारित गति सीमा का पालन करें और विशेष सतर्कता बरतें।








