सागर जिले के बंडा न्यायालय में सोमवार, 29 जुलाई की शाम करीब चार बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक दोषी आरोपी, सजा सुनते ही कोर्ट से फरार हो गया। आरोपी जितेंद्र यादव, जो कि ग्राम सेमरा रामचंद का रहने वाला है, को छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट के गंभीर आरोपों में दोषी ठहराया गया था। लेकिन फैसला सुनने के दौरान वह अदालत से भाग खड़ा हुआ, जिससे पूरे परिसर में हड़कंप मच गया।
धक्का देकर भागा दोषी
जानकारी के अनुसार, जितेंद्र यादव पिता हाकम यादव पर भारतीय दंड संहिता की धारा 354, 452 और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज था। सजा सुनाते समय वह न्यायिक अभिरक्षा में कोर्ट के कठघरे में मौजूद था। जैसे ही फैसला सुनाया गया, उसने कोर्ट मुंशी को धक्का दिया और मौके का फायदा उठाकर वहां से फरार हो गया।
पकड़ने की कोशिश नाकाम, मचा हंगामा
कोर्ट परिसर में मौजूद स्टाफ और अधिवक्ताओं ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह तेजी से भाग निकला। इस दौरान कोर्ट में अफरा-तफरी और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। जितेंद्र की फरारी ने कोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को कटघरे में खड़ा कर दिया है।
रीडर ने दर्ज कराई FIR, तलाश जारी
घटना की जानकारी मिलते ही न्यायालय में पदस्थ रीडर सरमन सिंह ने तत्काल बंडा थाना में इसकी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला पंजीबद्ध कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
न्यायालय परिसर से एक दोषी का इस तरह से भाग जाना बेहद गंभीर मामला माना जा रहा है। स्थानीय नागरिकों और अधिवक्ताओं ने घटना को कोर्ट की लापरवाही बताते हुए जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है। अब यह देखना होगा कि पुलिस आरोपी को कब तक पकड़ पाती है और अदालत परिसर की सुरक्षा व्यवस्था में क्या सुधार किए जाते हैं।