सागर : चोरों की नजर अब किसानों के खेतों पर, सिंचाई उपकरण पर चोरों ने किया हाथ साफ
सागर। सागर जिले में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। अब चोरों ने घरों के बाद किसानों के खेतों को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है। ताजा मामला जैसीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम सेमाढाना से सामने आया है, जहां अज्ञात चोर किसान के खेत से सिंचाई में उपयोग होने वाले स्प्रिंकलर चोरी कर ले गए।
पीड़ित किसान लालू चौधरी पिता परमलाल चौधरी ने मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे जैसीनगर थाने पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई है। किसान ने बताया कि उनके खेत में फसलों की सिंचाई के लिए पाइप लाइन में पीतल के स्प्रिंकलर लगाए गए थे। सोमवार–मंगलवार की दरम्यानी रात अज्ञात चोर खेत में घुसकर लगभग 14 नग पीतल के स्प्रिंकलर चोरी कर ले गए, जिनकी कीमत करीब 13 हजार रुपये बताई जा रही है।
मंगलवार सुबह जब किसान खेत पहुंचे तो सिंचाई उपकरण गायब मिले, जिसके बाद चोरी की जानकारी लगी और तुरंत थाने में शिकायत की गई।
गौरतलब है कि इस क्षेत्र में पहले भी कृषि यंत्रों की चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे किसानों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। किसानों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।








