सागर : पानी भरते समय फिसला पैर, गहरे और पानी से भरे कुएं से निकालने तक टूट चुकी थी सांस
सागर/बीना। भानगढ़ थाना क्षेत्र के करोंदा गांव में शनिवार को एक दुखद हादसे में 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी की जान चली गई। घर के पास बने कुएं से पानी भरते समय पैर फिसलने से वह सीधे कुएं में गिर गई। घटना से गांव में शोक की लहर फैल गई।
मृतका की पहचान पूनम धानक (17), पिता घनश्याम धानक, निवासी करोंदा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार पूनम रोज की तरह पानी भरने कुएं पर गई थी। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह गहरे कुएं में जा गिरी। कुएं में काफी पानी भरा होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सकी।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किशोरी को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। कुआं गहरा होने के कारण रेस्क्यू में काफी समय लगा। ग्रामीणों की मदद से जब पूनम को बाहर निकाला गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलने पर भानगढ़ थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा।
भानगढ़ थाना प्रभारी उपनिरीक्षक हरिसिंह तोमर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। प्रारंभिक जांच में यह हादसा प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सागर : पानी भरते समय फिसला पैर, गहरे और पानी से भरे कुएं से निकालने तक टूट चुकी थी सांस
सागर : पानी भरते समय ...
[post_dates]

संपादक







