सड़क किनारे संदिग्ध अवस्था में युवक का शव मिलने से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी
तेंदूखेड़ा। थाना क्षेत्र अंतर्गत पाटन -जबलपुर मार्ग पर ग्राम नरगुँवा के समीप स्थित चौधरी वेयर हाउस के सामने सड़क किनारे झाड़ियों में एक युवक का शव संदिग्ध अवस्था में मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच प्रारंभ की। प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह लगभग 6 बजे राहगीरों ने सड़क किनारे झाड़ियों में एक युवक का शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर एएसआई गजराज सिंह ठाक एवं पुलिस बल मौके पर पहुंचा। जांच के दौरान शव की पहचान थाना क्षेत्र के ग्राम सांगा निवासी अजमेर उर्फ खिल्लू पिता सीताराम आदिवासी लगभग 35 वर्ष के रूप में की गई। परिजनों के अनुसार मृतक रविवार दोपहर घर से निकला था और रातभर घर नहीं लौटा। मृतक की मां आनंद रानी ने बताया कि उनका बेटा एक अन्य युवक को छोड़ने पाटन की ओर गया था, जिसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। रातभर रिश्तेदारों एवं परिचितों के यहां तलाश की गई, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। सोमवार सुबह पुलिस द्वारा शव मिलने की सूचना दी गई। मृतक के शरीर पर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे घटना को लेकर विभिन्न आशंकाएं व्यक्त की जा रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि शव के पास बड़े वाहन के टायरों के निशान मिले हैं, जिससे प्रथम दृष्टया सड़क दुर्घटना की संभावना भी जताई जा रही है। वहीं परिजनों ने हत्या की आशंका व्यक्त की है। घटनास्थल के सामने स्थित वेयर हाउस में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी जांच का महत्वपूर्ण आधार बन सकती है। पुलिस द्वारा सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा तथा आवश्यक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। थाना प्रभारी रविंद्र बागरी ने बताया कि सूचना प्राप्त होने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। मृतक के शरीर पर चोटों के निशान पाए गए हैं। मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही हो सकेगा। मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।








