सागर : बाल सुधार गृह के बाहर बाल अपचारियों का हंगामा, सड़क पर जो आया रोककर की मारपीट
सागर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के राजघाट रोड पर स्थित बाल सुधार गृह के गेट के सामने सोमवार रात बाल अपचारियों ने जमकर हंगामा किया। उन्होंने राहगीरों के साथ मारपीट की, बाइक में तोड़फोड़ की गई। जानकारी के अनुसार सोमवार रात बाल सुधार गृह के सामने अचानक हंगामा हो गया। नाबालिग सड़क पर आये और राह चलते बाइक सवारों को रोककर मारपीट करने लगे। विवाद होते देख आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गये। इसी दौरान मारपीट करने वाले नाबालिग भाग गये। घटनाक्रम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि बाल अपचारियों ने बाल सुधार गृह के अंदर भी तोड़फोड़ की है। हालांकि पुलिस मामले में जांच कर रही है। राहगीर रूपचंद्र अहिरवार ने बताया कि सिविल लाइन की ओर से बाइक से आ रहे थे। हमारे आगे चल रहे वाहन को बाल सुधार गृह के सामने रोका और मारपीट की गई। करीब चार से पांच बच्चे हाथों में रॉड और बोतलें लेकर अंदर से आये थे। सड़क पर लोगों से मारपीट करने लगे। जबरदस्ती डॉयल.100 को फोन लगवा रहे थे। विवाद होते देख लोग जमा हुये तो दौड़कर अंदर भाग गये। बाल सुधार गृह के गेट पूरे खुले थे। सिविल लाइन थाना प्रभारी आनंद सिंह ने बताया कि बाल सुधार गृह के तीन बाल अपचारी थाने आये हैं। एक बाल अपचारी पास की कॉलोनी में मिला है, उन्होंने अंदर तोड़फोड़ की है। मामले में जांच की जा रही है।








