मंदिरों में चोरी करने वाला शातिर आरोपी गिरफ्तार,सब्जी विक्रेता बनकर करता था रेकी, पुलिस ने खरीदार बनकर रचा जाल और दबोचा
सागर। थाना गोपालगंज क्षेत्र में मंदिरों में लगातार हो रही दानपेटी चोरी की घटनाओं का थाना गोपालगंज पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुये एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता प्राप्त की है। आरोपी विगत कई वर्षों से योजनाबद्ध तरीके से मंदिरों को निशाना बना रहा था। बीएमसी परिसर स्थित मृत्युंजय महादेव मंदिर में 22 जनवरी की रात्रि अज्ञात व्यक्ति द्वारा मंदिर में प्रवेश कर दानपेटी का ताला तोड़कर उसमें रखी दान राशि चोरी कर ली गई थी। इस संबंध में डॉ. उमेश पटेल की रिपोर्ट पर थाना गोपालगंज में अपराध धारा 331(4), 305(डी) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुये वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर तकनीकी एवं मैदानी जांच प्रारंभ की गई। गिरफ्तार आरोपी समीर अली पिता शाहिद अली 43 वर्ष निवासी बाघराज प्रधानमंत्री आवास थाना मोतीनगर है। आरोपी पेशे से ठेले पर सब्जी बेचने का कार्य करता है। दिन भर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में घूमते हुये वह सुनसान, कम निगरानी वाले मंदिरों को चिन्हित करता था। हर दो-तीन दिन में जब सब्जी समाप्त हो जाती थी तो आरोपी रात लगभग 3 बजे स्कूटी से सब्जी मंडी जाने के लिये निकलता था। वारदात के समय वह अपना चेहरा मास्क एवं गमछे से पूरी तरह ढंक लेता था। मंडी जाने से पहले चिन्हित मंदिर में प्रवेश कर लोहे की रॉड से दानपेटी का ताला तोड़ता और नगदी व अन्य सामान चोरी कर लेता था। चोरी के तुरंत बाद सीधे सब्जी मंडी जाकर सब्जी खरीदता और दिनभर सामान्य रूप से ठेले पर सब्जी बेचता था, जिससे किसी को उस पर संदेह न हो। पूछताछ में आरोपी ने वर्ष 2020 से इस प्रकार कई मंदिरों में चोरी करना स्वीकार किया है। थाना प्रभारी गोपालगंज घनश्याम शर्मा द्वारा विशेष टीम गठित की गई, जिसमें आरक्षक दशरथ मालवीय एवं आरक्षक नेकराम कौशल और आरक्षक अंकित तिवारी को शामिल किया गया। घटनास्थल एवं कंट्रोल रूम के सीसीटीवी फुटेज का हफ्तों तक बारीकी से विश्लेषण किया गया। संदिग्ध के मूवमेंट का रूट चार्ट तैयार किया गया। जांच में सामने आया कि वारदात के बाद आरोपी सब्जी मंडी की ओर जाता है। सब्जी मंडी एवं आसपास के दुकानदारों से पूछताछ की गई। रणनीतिक योजना के तहत पुलिस टीम ने सब्जी मंडी में खरीदार बनकर कई दिनों तक रात 3 बजे से प्रातः 6 बजे तक निगरानी की। सतत निगरानी के दौरान सीसीटीवी फुटेज से मेल खाते हुलिये का व्यक्ति चिन्हित किया गया। गोपनीय रूप से पीछा कर उसके निवास स्थान की पुष्टि की गई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को थाना प्रभारी गोपालगंज द्वारा पुलिस टीम गठित कर हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी के कब्जे से दानपेटी का ताला तोड़ने में प्रयुक्त लोहे की रॉड, वारदात के समय उपयोग किया गया मास्क, घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की गई। आरोपी द्वारा स्वीकार किये अन्य प्रकरण जिनमें हनुमानगढ़ी मंदिर मे चोरी, स्नेह नगर कालोनी गोपालगंज घटना 6 से 7 अक्टूबर 2025 की दरम्यानी रात्रि चोरी गया माललगभग 800 नगद एवं हनुमानगढ़ी लिखी पीतल की घंटी जिसमें फरियादी बृजेश यादव पिता जगदीश यादव निवासी स्नेह नगर कालोनी, सिद्ध बाबा मंदिर बालक कॉम्प्लेक्स, थाना गोपालगंज घटना 5 से 6 दिसम्बर 2025 की दरम्यानी रात्रि चोरी गया माल दो दानपेटियों से लगभग 2500 से 3000 नगद राशि, सिद्ध बाबा मंदिर अंकित पीतल का घंटा, थाना गोपालगंज पुलिस की सतर्कता, तकनीकी विश्लेषण, निरंतर निगरानी एवं रणनीतिक कार्रवाई के परिणामस्वरूप मंदिरों में लगातार हो रही चोरियों का पर्दाफाश किया है। आरोपी से अन्य संभावित वारदातों के संबंध में विस्तृत पूछताछ जारी है। उक्त कार्यवाही में एएसआई राजेश चौबे, दीपक व्यास, अनिल प्रभाकर, अयूब खान, कैलाश सेन, रेखा रजक, नेकराम कौशल, दशरथ मालवीय, अंकित तिवारी, देवेंद्र पांडे की भूमिका रही।








