दो मामलों में फरार शातिर अपराधी गिरफ्तार, घर में घुसकर की थी मारपीट, बाइक चोरी में भी था वांटेड
सागर। मोतीनगर थाना पुलिस ने पिछले एक महीने से फरार चल रहे एक शातिर बदमाश सोनू उर्फ बच्चा वाल्मीकि को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर घर में घुसकर मारपीट करने और बाइक चोरी के मामले दर्ज थे। पुलिस के मुताबिक पकड़ा गया आरोपी एक आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से 14 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस ने आरोपी से वारदात में इस्तेमाल हथियार जब्त कर उसे कोर्ट में पेश कर दिया है। पुलिस के अनुसार 27 जनवरी को एक फरियादी ने मोतीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया था कि आरोपी राजा उर्फ अब्दुल सेन और सोनू वाल्मीकि ने उसके घर में जबरन घुसकर गाली गलौज की। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ जमकर मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुये वहां से फरार हो गये। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। घर में घुसकर मारपीट के अलावा आरोपी सोनू एक बाइक चोरी के मामले में भी लंबे समय से पुलिस का वांटेड था। करीब एक महीने से पुलिस को चकमा दे रहे इस शातिर बदमाश को बुधवार को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर धर दबोचा। मोतीनगर थाने लाकर जब सख्ती से पूछताछ की गई, तो आरोपी ने अपने दोनों अपराध करना स्वीकार कर लिया।
मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी सोनू उर्फ बच्चा वाल्मीकि इलाके का एक आदतन और हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। इसके खिलाफ मोतीनगर सहित जिले के अन्य थानों में चोरी, जान से मारने की धमकी और एनडीपीएस एक्ट जैसे 14 गंभीर आपराधिक प्रकरण पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के पास से मारपीट में इस्तेमाल किया गया डंडा भी जब्त कर लिया है और उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया है। उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी मोतीनगर निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत, राजेश लोधी, प्रदीप गौरवामी, नदीम शेख, लखन, अखलेश, सत्येंद्र सिंह, दीपक का विशेष योगदान रहा।
दो मामलों में फरार शातिर अपराधी गिरफ्तार, घर में घुसकर की थी मारपीट, बाइक चोरी में भी था वांटेड
दो मामलों में फरार शातिर ...
[post_dates]

संपादक







