सागर : गिरवर में तीसरी रेल लाइन को लेकर बवाल: 8 दिन पहले मिला पट्टा, ठंड में घर तोड़ने पहुंचा प्रशासन
सागर। गिरवर रेलवे स्टेशन के पास कटनी-बीना रेलवे ट्रैक की तीसरी लाइन के लिए रविवार दोपहर 1:00 अतिक्रमण हटाने पहुंची रेलवे व जिला प्रशासन की संयुक्त टीम के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। आरोप है कि भीषण ठंड में बिना पूर्ण मुआवजा और पर्याप्त समय दिए लोगों को बेघर किया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई परिवारों को अब तक मुआवजा नहीं मिला है, जबकि विस्थापन के लिए पट्टे मात्र 8 दिन पहले दिए गए हैं। इसी को लेकर मौके पर तनाव की स्थिति बन गई और कुछ ग्रामीणों ने आत्महत्या तक की चेतावनी दी।
सूचना पर सरपंच प्रतिनिधि मनोज लोधी पहुंचे। बाद में क्षेत्रीय विधायक व मंत्री गोपाल भार्गव ने तहसीलदार को फोन पर मानवीय दृष्टिकोण अपनाने के निर्देश दिए। हस्तक्षेप के बाद मकान तोड़ने की कार्रवाई फिलहाल स्थगित कर दी गई, जिससे ग्रामीणों को राहत मिली।








