सागर: गढ़ाकोटा बस स्टैंड पर भिड़े दो पक्ष, पुलिस की गैरमौजूदगी पर उठे सवाल
सागर। जिले के गढ़ाकोटा बस स्टैंड से अराजकता और अव्यवस्था का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां बस स्टैंड परिसर में दो पक्षों के बीच अचानक हुए विवाद ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार दोनों पक्षों के बीच लगभग आधे घंटे तक जमकर झगड़ा और उपद्रव चलता रहा, जिससे बस स्टैंड पर मौजूद यात्रियों और आम लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि यह घटना गढ़ाकोटा बस स्टैंड की है, जहां किसी अज्ञात कारण को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। झगड़े के दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला किया और बस स्टैंड जैसे संवेदनशील व भीड़भाड़ वाले स्थान पर लंबे समय तक उपद्रव होता रहा। हैरानी की बात यह रही कि इतने लंबे समय तक चले हंगामे के दौरान मौके पर एक भी पुलिसकर्मी नजर नहीं आया, जिससे कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
बस स्टैंड पर मौजूद लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दोनों पक्ष खुलेआम एक-दूसरे से झगड़ते और हंगामा करते नजर आ रहे हैं, जबकि आसपास मौजूद यात्री भय के माहौल में इधर-उधर होते दिख रहे हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार झगड़े में शामिल दोनों पक्ष गढ़ाकोटा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में निवास करने वाले नट समुदाय से जुड़े बताए जा रहे हैं। हालांकि विवाद की असली वजह अब तक सामने नहीं आ सकी है। इस मामले में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से थाने में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
इस वायरल वीडियो की पुष्टि एनडीटीवी नहीं करता है। वहीं मामले को लेकर पुलिस ने संज्ञान लिया है। गढ़ाकोटा थाना प्रभारी शिवम दुबे ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि वीडियो के आधार पर पूरे मामले की पड़ताल की जा रही है और जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक और संवेदनशील स्थान पर लंबे समय तक चले इस उपद्रव ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस मौके पर पहुंच जाती, तो स्थिति को जल्द नियंत्रित किया जा सकता था। यह घटना प्रशासन के लिए एक चेतावनी है कि सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की आवश्यकता है।








