MP : सुबह डोरबेल बजाकर बुलाया, दरवाजा खुलते ही पेट में दागी गोली !
मुरैना। स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के रामनगर स्थित शिक्षक कॉलोनी में बुधवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई। हनुमान मंदिर के पीछे रहने वाले एक युवक को उसके ही घर के मुख्य दरवाजे पर गोली मार दी गई। वारदात को अंजाम देने वाला व्यक्ति रिश्ते में उसका ताऊ का बेटा बताया जा रहा है, जो पूर्व सैनिक है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे मुन्नालाल के घर की डोरबेल लगातार बजने लगी। घंटी की आवाज सुनकर उनके 39 वर्षीय बेटे कृष्णकांत उर्फ लल्ला शुक्ला दरवाजा खोलने पहुंचे। जैसे ही दरवाजा खुला, बाहर खड़े युवक ने कट्टे से फायर कर दिया। गोली सीधे कृष्णकांत के पेट में लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़े। गोली चलने की आवाज से आसपास के लोग घबरा गए और परिवार में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद हमलावर की पहचान पालीटेकनिक कॉलेज के पास रहने वाले हरेंद्र पुत्र रामनिवास शुक्ला के रूप में हुई है। बताया गया है कि हरेंद्र, कृष्णकांत के ताऊ का बेटा है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले सेना में जवान रह चुका है और वर्ष 2024 में नौकरी छोड़कर घर लौट आया था।
परिजनों का कहना है कि कृष्णकांत और हरेंद्र के बीच किसी प्रकार का विवाद या मनमुटाव नहीं था। ऐसे में इस हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। परिवार के सदस्य इस घटना से स्तब्ध हैं और कारण जानने की मांग कर रहे हैं।
मामले पर एडिशनल एसपी सुरेंद्र पाल डावर ने बताया कि शुरुआती जांच में दोनों पक्षों के बीच किसी तरह के विवाद की जानकारी सामने नहीं आई है। घटना के तुरंत बाद पुलिस टीम ने आरोपी हरेंद्र शुक्ला को पकड़ लिया। घायल कृष्णकांत को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए ग्वालियर रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनका इलाज जारी है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।








