सागर : सीसीटीवी पुलिस कंट्रोल रूम की तत्परता से 60,000 रुपये से भरा बैग कुछ ही घंटों में बरामद
सागर। पुलिस कंट्रोल रूम ने तत्परता एवं तकनीकी दक्षता का उत्कृष्ट परिचय देते हुये एक फरियादी का नगद 60,000 से भरा बैग कुछ ही घंटों में सकुशल बरामद कर लौटाया। जानकारी के अनुसार राजेंद्र जैन निवासी सुभाष वार्ड गढ़ाकोटा अपने बच्चों की परीक्षा दिलाने हेतु सागर आये थे। बच्चे को सेंट मैरी स्कूल में छोड़ने के पश्चात वे निजी कार्य से कटरा गये। कार्य पूर्ण कर वे कटरा से ऑटो द्वारा होटल पैराडाइस के सामने उतरे किंतु जल्दबाजी में अपना बैग ऑटो में ही भूल गये। बैग में महत्वपूर्ण दस्तावेजों के साथ 60,000 नगद राशि रखी हुई थी, जो उन्हें किसी अन्य व्यक्ति को देना थी। बैग गुम होने से वे अत्यंत चिंतित एवं व्याकुल हो गये। काफी तलाश के बाद ऑटो का पता नहीं चलने पर वे पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचे और उप निरीक्षक आरकेएस चौहान को पूरी घटना से अवगत कराया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुये उप निरीक्षक चौहान ने तत्काल अति. पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिंहा को अवगत कराया तथा सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से ऑटो की पहचान हेतु टीम सक्रिय की। महिला प्रधान आरक्षक रेखा रजक द्वारा कंट्रोल रूम के सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से जांच करते हुये संभावित ऑटो का रजिस्ट्रेशन नंबर चिन्हित किया। तत्पश्चात वाहन पंजीयन विवरण से ऑटो चालक का मोबाइल नंबर एवं पता प्राप्त कर पुलिस टीम को रवाना किया गया। ऑटो चालक को कंट्रोल रूम बुलाकर बैग की तलाशी ली गई, जिसमें पूरा सामान एवं 60000 नगद सुरक्षित प्राप्त हुये। पुलिस द्वारा सत्यापन उपरांत सम्पूर्ण राशि एवं सामग्री फरियादी को सौंप दी गई। अपनी राशि व बैग सुरक्षित वापस मिलने पर फरियादी ने भावुक होकर पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। इस सराहनीय कार्य में उप निरीक्षक आरकेएस चौहान, महिला प्रधान आरक्षक रेखा रजक, महिला आरक्षक रक्षा राजपूत एवं आरक्षक गौरव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








