आत्महत्या या साजिश? दमोह में विवाहिता की मौत पर उठे सवाल, आईजी से कार्रवाई की मांग
दमोह जिले में 25 वर्षीय विवाहिता शिवानी सोनी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। बुधवार दोपहर 2 बजे सराफा एसोसियेशन सागर के अध्यक्ष गोविन्द जड़िया के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने पुलिस महानिरीक्षक को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि सागर के लक्ष्मीपुरा निवासी अशोक सोनी की पुत्री शिवानी की 13 फरवरी को दमोह के आमचोपड़ा स्थित ससुराल में मौत हो गई। ससुराल पक्ष ने घटना को आत्महत्या बताया है, लेकिन परिजनों ने दहेज प्रताड़ना और हत्या की आशंका जताई है। मृतका के पिता का आरोप है कि विवाह के बाद से ही उसे दहेज को लेकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।
परिजनों का कहना है कि पोस्टमार्टम के दौरान शरीर पर चोट के निशान दिखाई दिए, जिससे संदेह और गहरा गया है। समाज ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाए। सर्राफा एसोसिएशन ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए समाज उनके साथ खड़ा है।








