सागर में 19 वर्षीय बदमाश कट्टे के साथ गिरफ्तार, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा
सागर। मोतीनगर थाना पुलिस ने अवैध हथियार लेकर घूम रहे 19 वर्षीय एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक देसी कट्टा और कारतूस जब्त किया है। आरोपी को थाने लाकर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि मुंडी टौरी इलाके में आईपीएस स्कूल के पास एक युवक संदिग्ध हालत में देशी कट्टा लेकर घूम रहा है। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल ने मौके पर पहुंचकर टीम ने मुखबिर द्वारा बताये गये हुलिये के आधार पर संदिग्ध की तलाश शुरू की। पुलिस टीम को देखकर आरोपी घबरा गया और बचने के लिये एक पेड़ के पीछे छिप गया। हालांकि पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुये घेराबंदी कर उसे धर दबोचा। पूछताछ में उसने अपना नाम 19 वर्षीय हर्ष उर्फ कृष्णा पिता धीरेंद्र सिंह ठाकुर निवासी इतवारी टौरी रामपुरा वार्ड बताया। पुलिस ने जब आरोपी की तलाशी ली, तो उसके पास से 315 बोर का एक अवैध देशी कट्टा और एक कारतूस बरामद हुआ। इसके बाद आरोपी को पकड़कर मोतीनगर थाने लाया गया, जहां उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया गया है। पुलिस फिलहाल आरोपी से इस बात की पूछताछ कर रही है कि वह यह अवैध हथियार कहां से लाया था।








