सागर : पेट्रोल पंप पर कम पेट्रोल डालने का आरोप,510 रुपये में सिर्फ ढाई लीटर पेट्रोल निकला
सागर। बीना स्टेशन रोड स्थित आचवल पेट्रोल पंप पर रविवार दोपहर बाइक में निर्धारित मात्रा से कम पेट्रोल डालने का मामला सामने आया है। ग्राहक ने इसकी शिकायत की, जिसके बाद पटवारी ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्यवाही की। भानगढ़ निवासी अनिरुद्ध पटेल अपनी बाइक में 510 रुपये का पेट्रोल भरवाने आचवल पेट्रोल पंप गये थे। कर्मचारी ने पेट्रोल भर दिया, लेकिन अनिरुद्ध को कुछ संदेह हुआ। उन्होंने अपनी बाइक की टंकी खाली की तो उसमें केवल ढाई लीटर पेट्रोल निकला, जबकि 510 रुपए में 4.81 लीटर पेट्रोल आना चाहिये था। ग्राहक ने बताया कि पेट्रोल भरवाने से पहले उनकी बाइक में पेट्रोल था। जब ग्राहक ने कर्मचारी से कम पेट्रोल डालने की बात कही, तो वह भड़क गया और अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगा। इसके बाद अनिरुद्ध पटेल ने कॉल के माध्यम से एसडीएम से शिकायत की। सूचना मिलने पर पटवारी मौके पर पहुंचा और आवश्यक पंचनामा कार्यवाही की। पेट्रोल पंप कर्मचारी ने अपनी गलती स्वीकार करते हुये कहा कि भीड़ के कारण वह मशीन में सही मात्रा सेट नहीं कर पाया था। उसने ग्राहक को पेट्रोल पूरा करने की पेशकश की थी, लेकिन ग्राहक ने पेट्रोल नपवाने की बात कही। इस घटना के बाद पेट्रोल पंप पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। बता दें कि इस पेट्रोल पंप पर पहले भी कम पेट्रोल डालने की शिकायतें सामने आ चुकी हैं। पेट्रोल पंप मालिक अनिल आचवल ने भी कर्मचारी की गलती स्वीकार की है। उन्होंने कहा कि वे संबंधित कर्मचारी को पेट्रोल पंप से हटा रहे हैं।








