सागर : खेत में काम के दौरान बड़ा हादसा, थ्रेसर में फंसा हाथ… मजदूर की मौके पर मौत
सागर/बीना। खिमलासा थाना क्षेत्र के सदरपुर टांडा गांव में थ्रेसर से फसल निकालते समय एक मजदूर की मौत हो गई। फसल डालते समय मजदूर का हाथ मशीन की ब्लेडों की चपेट में आ गया था, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम के लिये शव को बोरी में भरकर अस्पताल भेजा गया। इन दिनों क्षेत्र में फसलों की कटाई और थ्रेसिंग का काम तेजी से चल रहा है। खिमलासा निवासी नंद किशोर लोधी 28 सदरपुर टांडा गांव में एक किसान की राई की फसल निकालने के लिये मजदूरी करने गया था। थ्रेसर में राई डालते समय अचानक उसका हाथ ब्लेड में फंस गया और मशीन ने उसे अंदर खींच लिया। मृतक के चाचा दरयाव सिंह ने बताया कि नंद किशोर कुरवाई में एक कपड़े की दुकान पर काम करता था। उसकी पत्नी की डिलीवरी में अभी 15 दिन बचे थे। वह अपने होने वाले बच्चे के जन्म की खुशियां मनाने के लिये ही घर आया हुआ था, लेकिन इसी बीच वह एक दोस्त के बुलाने पर खेत में काम करने चला गया जहां यह हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिये खुरई सिविल अस्पताल भेजा गया है। खिमलासा पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मामले की बारीकी से जांच कर रही है। बता दें कि कुछ दिन पहले ही बांदरी के बूधोन गांव में भी एक मजदूर की इसी तरह थ्रेसर की चपेट में आने से जान गई थी।








