सागर -बहेरिया रोड दीपाली होटल के पास ट्रक और कार की भीषण भिड़ंत, एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर
सागर। सागर – बहेरिया रोड पर स्थित दीपाली होटल के पास गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कार और ट्रक की आमने-सामने हुई टक्कर में कार सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर हालत में भर्ती है। सूचना मिलने पर बहेरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे कार क्रमांक एमपी 15 जेडएफ 8713 में सवार छुट्टू चौबे निवासी देवरी और पवन विश्वकर्मा निवासी रजाखेड़ी,बहेरिया चौराहे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से उनकी कार की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सड़क किनारे जा गिरी।
आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए कार में फंसे दोनों घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज भेजा। अस्पताल में इलाज के दौरान छुट्टू चौबे निवासी देवरी की मौत हो गई, जबकि पवन विश्वकर्मा निवासी रजाखेड़ी का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए बहेरिया रोड पर यातायात प्रभावित रहा और सड़क पर वाहनों की कतार लग गई। सूचना मिलने पर बहेरिया पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।








