MP : प्रधानमंत्री की मिमिक्री कर वीडियो पोस्ट किया, शिकायत के बाद शिक्षक सस्पेंड
शिवपुरी | मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में एक सरकारी शिक्षक को सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री की मिमिक्री करते हुए वीडियो साझा करना महंगा पड़ गया। मामला सामने आने और वीडियो के वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने संबंधित शिक्षक को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई पिछोर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी की शिकायत के बाद की गई।
जानकारी के अनुसार निलंबित शिक्षक साकेत पुरोहित पोहरी विकासखंड के शासकीय प्राथमिक विद्यालय, आदिवासी मोहल्ला सेमरखेड़ी (संकुल केंद्र बैराड़) में पदस्थ हैं। हाल ही में उन्होंने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया था। इस वीडियो में वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आवाज और शैली की नकल करते हुए गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों पर टिप्पणी करते दिखाई दे रहे थे। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया, जिसके बाद यह मामला चर्चा में आ गया।
वीडियो वायरल होने के बाद पिछोर से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी ने जिला शिक्षा अधिकारी से इसकी शिकायत की। शिकायत में कहा गया कि एक सरकारी शिक्षक द्वारा जनप्रतिनिधि की मिमिक्री करते हुए इस तरह की टिप्पणी करना अनुचित है और इससे समाज में गलत संदेश जाता है। विधायक ने इसे शासकीय सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन बताते हुए कार्रवाई की मांग की।
मामले की जांच के बाद जिला शिक्षा अधिकारी विवेक श्रीवास्तव ने पाया कि शिक्षक का यह व्यवहार सरकारी कर्मचारियों के लिए निर्धारित आचरण नियमों के अनुरूप नहीं है। इसके आधार पर मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए साकेत पुरोहित को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय बदरवास तय किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। फिलहाल विभागीय स्तर पर आगे की प्रक्रिया जारी है।








