शादी समारोह की कहासुनी बनी जानलेवा : फोरलेन पर पिता-पुत्र पर हमला, पिता की मौत
सागर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में शनिवार-रविवार दरमियानी देर रात रात करीब 12 बजे सिरोंजा के पास फोरलाइन पर हुए हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार बबलू पांडे का एक शादी समारोह में अनिल पांडे और उसके परिवार के लोगों से विवाद हो गया था। इसके बाद बबलू पांडे घर लौट आए। इसी दौरान उनके छोटे भाई प्रदीप पांडे और भतीजा रचित पांडे विवाद की सूचना मिलने पर समारोह स्थल की ओर जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि समारोह स्थल से करीब 300-400 मीटर पहले ही फोरलाइन पर अनिल पांडे, अभय पांडे, प्रथम दुबे और दो नाबालिगों ने उन पर हमला कर दिया। हमले में प्रदीप पांडे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा रचित गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतक के बड़े भाई बबलू पांडे ने बताया कि दोनों परिवारों के बीच करीब 20-25 साल से विवाद चला आ रहा है। शनिवार को शादी समारोह में भी इसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी।
सिविल लाइन थाना प्रभारी आनंद सिंह ने बताया कि फोरलाइन पर हत्या की घटना हुई है। प्रारंभिक जांच में शादी समारोह में हुए विवाद का मामला सामने आया है। जिन आरोपियों के नाम सामने आए हैं, उन्हें राउंडअप करने की कार्रवाई की जा रही है।








