बंटी-बबली स्टाइल चोरी करने वाला इंटरस्टेट गैंग पकड़ा : पति-पत्नी ने 3 राज्यों के 12 से ज्यादा शहरों में 57 वारदातें कीं…
ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में पुलिस ने एक ऐसे अंतरराज्यीय चोरी गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो फिल्मी अंदाज में वारदातों को अंजाम देता था। पति-पत्नी की यह जोड़ी लंबे समय से मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और गुजरात में सक्रिय थी और अलग-अलग शहरों में चोरी की कई घटनाओं को अंजाम दे चुकी थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान अरविंद रजक (32) और ज्योति रजक (30) के रूप में हुई है। दोनों मिलकर सुनसान मकानों को निशाना बनाते थे और खासतौर पर सोने-चांदी के गहने व नकदी ही चुराते थे।
महाराजपुरा में बढ़ती वारदातों से खुला राज
ग्वालियर के महाराजपुरा इलाके में लगातार हो रही चोरियों ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी थी। एक के बाद एक 6 घटनाएं सामने आने के बाद जांच तेज की गई। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, लेकिन हर बार अलग-अलग बाइक और रास्ते नजर आने से पुलिस को ठोस सुराग नहीं मिल पा रहा था।
काफी समय तक निगरानी और संदिग्ध गतिविधियों को ट्रैक करने के बाद पुलिस इस गिरोह तक पहुंच सकी।
तीन बाइक से बनाते थे पुलिस को भ्रमित
जांच में सामने आया कि गिरोह बेहद सुनियोजित तरीके से काम करता था।
सबसे पहले चोरी की बाइक से इलाके की रेकी की जाती थी।
वारदात के समय दूसरी बाइक का इस्तेमाल होता था।
घटना के बाद उस बाइक को कुछ दूरी पर छोड़कर तीसरी बाइक से फरार हो जाते थे।
इस रणनीति के कारण सीसीटीवी में हर बार अलग-अलग वाहन दिखते थे, जिससे पुलिस की जांच भटक जाती थी।
दिन में रेकी, रात में वारदात
आरोपी दिन के समय कॉलोनियों में घूमकर यह पता लगाते थे कि कौन से घर खाली हैं। रात होते ही वे ऐसे मकानों के ताले तोड़कर अंदर घुस जाते और कीमती सामान समेटकर फरार हो जाते थे।
पुलिस के मुताबिक, अरविंद रजक चोरी की वारदात को अंजाम देता था, जबकि ज्योति उसकी मदद करती थी। दोनों साथ होने के कारण अक्सर शक से बच जाते थे। कई बार वे पुलिस चेकिंग के दौरान भी आसानी से निकल जाते थे, क्योंकि महिला के साथ होने पर सख्ती कम हो जाती थी।
कई जिलों और राज्यों में दर्ज मामले
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अरविंद रजक पर चोरी के 56 मामले दर्ज हैं। इनमें झांसी, ग्वालियर, सीहोर, होशंगाबाद, रायसेन, भिंड-मुरैना समेत गुजरात के कई शहर शामिल हैं। वहीं ज्योति रजक के खिलाफ भी झांसी में एक मामला दर्ज है।
दोनों लंबे समय से अलग-अलग राज्यों में इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।
लाखों का माल बरामद
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों के पास से सोने के कई आभूषण बरामद किए हैं, जिनमें हार, चेन, अंगूठियां, पेंडल, ब्रेसलेट और सिक्का शामिल हैं। कुल मिलाकर 105 ग्राम सोना जब्त किया गया है, जिसकी कीमत करीब 15 लाख 75 हजार रुपए आंकी गई है।
इसके अलावा 2 लाख रुपए नकद भी मिले हैं। इस तरह कुल बरामदगी 17 लाख 75 हजार रुपए तक पहुंच गई है।
कोर्ट ने भेजा जेल, नेटवर्क की तलाश जारी
एएसपी विदिता डागर ने बताया कि आरोपियों ने महाराजपुरा क्षेत्र में हुई 6 चोरियों को कबूल कर लिया है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
फिलहाल पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी के माल को खपाने वाले नेटवर्क की भी जांच कर रही








