सागर : बिल नहीं भरा तो गाड़ी जब्त ! ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली कंपनी का एक्शन
सागर/खुरई। ग्रामीण बिजली कंपनी ने सोमवार को कार्यवाही करते हुये बिजली बिल जमा न करने वाले उपभोक्ताओं की पांच बाइक कुर्क की हैं। टीम ने उन ग्रामीण उपभोक्ताओं पर कार्रवाई की जिन पर 10 हजार से अधिक का बिल लंबित था। विभाग ने बताया कि वर्तमान में ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं पर कुल 4 करोड़ रुपये का बिजली बिल बकाया है। ग्रामीण इंजी. राहुल सिंह ठाकुर ने बताया कि टीम ने ग्राम लुहर्रा, हनोता, जगदीशपुर और सिलारपुर में कुर्की की कार्यवाही की। इस दौरान कुल 10 मोटरसाइकिलें और दो सिंचाई मोटर जब्त की गई थी। कार्यवाही के डर से पांच उपभोक्ताओं ने मौके पर ही लगभग 80 हजार का बकाया जमा कर दिया, जिसके बाद उनके वाहन छोड़ दिये। कुर्क की गई पांच बाइक मालिकों पर कुल 1 लाख 30 हजार रुपये का विद्युत देयक बकाया था। अधिकारियों ने बताया कि इन उपभोक्ताओं को पूर्व में कई बार नोटिस जारी किये गये थे, लेकिन राशि जमा नहीं की गई। विभाग ने सिलारपुर, निर्तला, सुनेटी और रीठौर जैसे क्षेत्रों में भी सख्ती दिखाई है। उपभोक्ताओं को बिल जमा करने के बाद ही बाइक वापस की जायेगी। विभाग का यह वसूली अभियान लगातार जारी रहेगा।








