सागर : आदतन अपराधी जिलाबदर, पुलिस ने सीमा से बाहर छोड़ा
सागर। अपराध पर अंकुश लगाने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्यवाही के तहत बहरोल थाना क्षेत्र के निगरानी बदमाश को जिलाबदर किया गया है। जिला दंडाधिकारी ने एसपी के प्रतिवेदन पर आरोपी पप्पू उर्फ देशराज पिता श्रीराम यादव निवासी नीमोन को 4 माह के लिये जिलाबदर करने का आदेश जारी किया है। जिसमें आरोपी को सागर जिला समेत आसपास के जिलों की सीमा में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है। आदेश जारी होते ही पुलिस ने आरोपी पप्पू उर्फ देशराज यादव को आदेश तामील किया। उसे हिरासत में लेकर जिले की सीमा से बाहर छोड़ा गया। पुलिस आरोपी पप्पू उर्फ देशराज को अपने साथ उत्तरप्रदेश के ललितपुर जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र में लेकर पहुंची। जहां उसे छोड़ा गया। साथ ही हिदायत दी गई कि जिलाबदर अवधि के बीच वह प्रतिबंधित सीमा में प्रवेश न करें। यदि कोर्ट में पेशी है तो वह पुलिस थाने में सूचना देकर जिले में आ सकता है। पेशी करने के तुरंत बाद जिलाबदर आदेश का पालन करते हुये सीमा से बाहर जाना होगा। बहरोल थाना प्रभारी धर्मेंद्र लोधी ने बताया कि आरोपी पप्पू उर्फ देशराज यादव आदतन अपराधी है। वह लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त था। उसके खिलाफ आमजन में भय और असुरक्षा का वातावरण निर्मित हो रहा था। आरोपी की गतिविधियों से क्षेत्र की शांति और कानून व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था। जिसको देखते हुये जिलाबदर का प्रतिवेदन तैयार किया गया था। जिलाबदर आदेश जारी होते ही आरोपी को हिरासत में लिया गया। उसे जिले की सीमा से बाहर छोड़ा गया।








