सागर : खेत में भीषण आग से तीन एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख, किसान को भारी नुकसान
सागर। जिले के सुरखी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हफसिली में शुक्रवार दोपहर एक बड़ी आगजनी की घटना सामने आई। दोपहर करीब 12 बजे किसान बबलू दुबे के खेत में अचानक आग भड़क उठी। उस समय खेत में गेहूं की खड़ी फसल के साथ-साथ कटी हुई फसल भी रखी हुई थी, जिससे आग तेजी से फैल गई। तेज हवा के चलते आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप धारण कर लिया और खेत के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बाल्टियों व पाइप के जरिये आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता के सामने उनके प्रयास नाकाफी साबित हुये। सूचना मिलने के बाद सुरखी नगर परिषद की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, हालांकि पहुंचने में देरी हुई। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक करीब तीन एकड़ गेहूं की फसल पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। इस आगजनी की घटना से किसान बबलू दुबे को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मुआवजा दिलाने की मांग की है।
खेत में भीषण आग से तीन एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख, किसान को भारी नुकसान
सागर : खेत में भीषण ...
by Suraj Sen
[post_dates]

Sub Editor







