सागर के गौरझामर में आग से झुलसे युवक की मौत, खुदकुशी या साजिश? पुलिस जांच में जुटी
सागर। जिले के गौरझामर क्षेत्र में आग से गंभीर रूप से झुलसे एक युवक की इलाज के दौरान बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामले को संदेहास्पद मानते हुए जांच शुरू कर दी है। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गौरझामर निवासी 26 वर्षीय शाहरुख, पिता फरीद खान, 26 मार्च की रात आग से बुरी तरह झुलस गया था। परिजन उसे तत्काल गंभीर हालत में बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान शुक्रवार रात उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी।
मामले में नया मोड़ तब आया जब शाहरुख का एक वीडियो सामने आया, जो उसने मौत से पहले रिकॉर्ड किया था। वीडियो में वह कुछ लोगों पर आरोप लगाते हुए कहता नजर आ रहा है कि 15 दिन बाद घर लौटने पर पड़ोसी जब्बार और उसके बेटे ने उसे पकड़कर आग लगा दी। बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों के बीच पहले से विवाद और रंजिश चल रही थी, जिसे लेकर इस घटना को अंजाम देने की बात कही जा रही है।
हालांकि, पुलिस की शुरुआती जांच में कुछ और ही संकेत मिले हैं। गौरझामर थाना प्रभारी नासिर फारुखी के मुताबिक, जांच के दौरान मिले सीसीटीवी फुटेज में युवक खुद को आग लगाते हुए दिखाई दे रहा है। उन्होंने बताया कि मृतक ने कुछ लोगों पर आरोप जरूर लगाए हैं, लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और वीडियो, सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की बारीकी से पड़ताल जारी है। घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और लोग इस मामले की सच्चाई सामने आने का इंतजार कर रहे हैं।








