सागर : दहेज की टीवी बनी खतरे का डिब्बा : पैकिंग खोलते ही निकला कोबरा, मचा हड़कंप
सागर : भोपाल रोड स्थित लहदरा नाका क्षेत्र में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दहेज में आई नई एलईडी टीवी की पैकिंग के अंदर से कोबरा सांप निकल आया। पटेल परिवार में 15 दिन पहले शादी हुई थी और दहेज का सामान एक जगह रखा था।
सोमवार दोपहर करीब 2 बजे जब परिजन सामान व्यवस्थित कर रहे थे, तभी टीवी के बॉक्स से फुफकारने की आवाज आई। खोलकर देखा तो अंदर करीब ढाई फीट लंबा जहरीला कोबरा छिपा था। घबराए परिजनों ने तुरंत सर्प विशेषज्ञ बबलू पवार को सूचना दी।
मौके पर पहुंचे विशेषज्ञ ने सावधानी से रेस्क्यू कर सांप को पकड़ लिया। बताया गया कि कोबरा बेहद जहरीला होता है। गनीमत रही कि समय रहते सांप दिख गया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
सांप को सुरक्षित जंगल में छोड़ा जाएगा। बबलु पवार ने गर्मी के मौसम में घरों के आसपास साफ-सफाई रखने की अपील की है, क्योंकि ऐसे जीव ठंडी जगहों की तलाश में घरों में घुस आते हैं।








